क्लीनिक हुई सील, जेल भेजा गया झोलाछाप
- शनिवार को गलत इलाज से मासूम की मौत के मामले में सख्त हुआ प्रशासन

दरियाबाद, संवाददाता। निमतियापुर गांव में झोलाछाप के इंजेक्शन लगाने के बाद दो वर्षीय मासूम आयांश की मौत के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी झोलाछाप को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर आरोपी झोलाछाप के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। क्लीनिक को सील कर दिया गया है।
मृतक के चिकित्सीय इलाज की जानकारी
शनिवार देर रात बीकापुर निवासी झोलाछाप अनुज गुप्ता द्वारा उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने से निमतियापुर के मासूम आयांश की तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उसे संभाल पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी चिकित्सक को पकड़कर एक घर में बंद कर दिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आरोपी को भीड़ के कब्जे से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। वहीं, मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था।
पुलिस कार्रवाई और मुकदमे की जानकारी
पोस्टमार्टम के बाद मृतक के पिता अमित वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनुज गुप्ता के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की कार्यवाही
कोतवाल धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी की तहरीर पर भी पुलिस ने मानकों की अनदेखी कर क्लीनिक चलाने के मामले में भी मुकदमा दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।


