इंटर की छात्रा को अगवा कर 8 दिन तक अलग स्थानों पर दुष्कर्म
इंटर की छात्रा को अगवा कर 8 दिन तक अलग स्थानों पर दुष्कर्म

खुर्जा नगर क्षेत्र में 12वीं की नाबालिग छात्रा को अगवा कर आठ दिनों तक अलग अलग स्थानों पर ले जाकर दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के परिजनों का गंभीर आरोप है कि थाने और चौकी के कई चक्कर काटने के बाद भी पुलिस ने बदनामी का हवाला देकर रिपोर्ट दर्ज नहीं की। न्याय न मिलने पर पीड़िता ने परिजनों के साथ पुलिस अधीक्षक नगर के कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
घटनाक्रम
सोमवार को पुलिस कार्यालय पहुंची पीड़िता की मां ने बताया कि उसकी पुत्री नगर के एक इंटर कॉलेज में कक्षा 12 की छात्रा है। पड़ोस में रहने वाला एक युवक भी उसी कॉलेज में इंटरमीडिएट में पढ़ता है। आरोप है कि बीते 28 अगस्त को उक्त पड़ोसी छात्र किशोरी को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस की लापरवाही
मां का आरोप है कि घटना के संबंध में जब वह खुर्जा नगर थाने पहुंचे तो पुलिस ने बदनामी की दुहाई देकर उन्हें चुप करा दिया और कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद 4 सितंबर को आरोपी युवक किशोरी को उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गया।
धमकी देकर अलग-अलग जगहों पर की दरिंदगी
घर लौटी बदहवास किशोरी ने परिजनों को आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे अलग-अलग ठिकानों पर ले गया और आठ दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। आरोप है कि इसके बाद परिजन दोबारा पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने फिर से बदनामी का हवाला देकर उन्हें टरका दिया।
कोट ---
मामले में खुर्जा नगर पुलिस को तत्काल जांच कर कड़ी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही बरतने वालों की भी जांच होगी।
-अभिषेक प्रताप अजेय, एसपी सिटी


