नाबालिग के अपहरण मामले में दोषी को 10 साल की सजा
शाहजहांपुर में अपर सत्र न्यायाधीश ने नाबालिग पीड़िता के अपहरण के मामले में दोषी रोहित कुमार को 10 साल की कठोर सजा और 1.55 लाख रुपये का अर्थदंड दिया है। मामला 14 अक्टूबर 2019 को दर्ज किया गया था। पुलिस ने 11 गवाहों के साथ प्रभावी पैरवी की, जिसके कारण न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराया।

शाहजहांपुर। न्यायालय अपर सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या आठ प्रेम शंकर की अदालत ने नाबालिग पीड़िता के अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मामले में दोषी को 10 वर्ष के कठोर कारावास और कुल 1.55 लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। पुलिस के अनुसार, 14 अक्तूबर 2019 को सदर बाजार थाने में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की तहरीर दी गई थी। मामले में रोहित कुमार पुत्र राम रहीस वर्मा उर्फ रहीस, निवासी ग्राम घूरखेड़ा, थाना निगोही के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले में थाना सदर बाजार पुलिस, मॉनिटरिंग सेल और अभियोजन विभाग ने प्रभावी पैरवी की। पुलिस ने साक्ष्यों के साथ 11 गवाहों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कराया।
पुलिस और अपर जिला शासकीय अधिवक्ता दिलीप सिंह चौहान की लगातार पैरवी के परिणाम स्वरूप अदालत ने आरोपी रोहित कुमार को दोषी ठहराते हुए 10 वर्ष के कठोर कारावास और एक लाख पचपन हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया है।


