संत कल्याणदेव की समाज सेवा अतुल्य : डा. वीरेंद्र
केंद्रीय मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने शुकतीर्थ में पूजा अर्चना की और सिद्ध अक्षय वटवृक्ष की परिक्रमा की। उन्होंने स्वामी कल्याणदेव महाराज की स्मृति गैलरी का अवलोकन किया और पीठाधीश्वर को पुष्पगुच्छ भेंट किया। मंत्री ने भागवत भूमि के ज्ञान और सेवा की महत्ता का उल्लेख किया।

मोरना । केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार भागवत पीठ श्री शुकदेव आश्रम शुकतीर्थ पहुंचे और शुकदेव मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने सिद्ध अक्षय वटवृक्ष की परिक्रमा कर शिक्षा ऋषि वीतराग स्वामी कल्याणदेव महाराज स्मृति गैलरी का अवलोकन कर महान संत का भावपूर्ण स्मरण किया। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने श्री शुकदेव आश्रम पहुंचकर पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज को पुष्पगुच्छ भेंट किया। उन्होंने कहा कि भागवत भूमि ज्ञान, आध्यात्म, वैराग्य और सेवा की धरा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पीढ़ियाँ शिक्षाऋषि स्वामी कल्याणदेव महाराज के महान कार्यों के प्रति सदैव ऋणी रहेगी।
पीठाधीश्वर स्वामी ओमानन्द महाराज ने उन्हें शुकतीर्थ साहित्य, प्रसाद भेंट कर आशीर्वाद दिया। कथा व्यास अचल कृष्ण शास्त्री, सुमन कृष्ण शास्त्री, सीओ भोपा राधा रमण सिंह, नायाब तहसीलदार अजय कुमार, भोपा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, कानूनगो सुनील शर्मा, चौकी प्रभारी विवेक चौधरी आदि मौजूद रहे।


