मंत्री ने की कांवरियों की सेवा
श्रद्धालुओं के बीच फल और जूस किए वितरित भोलेनाथ के भक्तों की सेवा सबसे

सुल्तानगंज, निज संवाददाता। श्रावणी मेले के अवसर पर कच्ची कांवरिया पथ पर पथ निर्माण विभाग द्वारा संचालित सेवा शिविर में पथ निर्माण विभाग के मंत्री ईं. कुमार शैलेंद्र ने स्वयं सेवा शिविर में उपस्थित होकर बाबाधाम जाने वाले कांवरियों की सेवा की। इस दौरान मंत्री ने श्रद्धालुओं के बीच सेब, अमरूद, केला, लस्सी, फ्रूटी, जूस आदि वितरित किए। इसके साथ ही, लंबी पदयात्रा से थके कांवरियों के चरण दबाकर उनकी सेवा करके भक्ति एवं आत्मीयता की एक अनूठी मिसाल पेश की। मंत्री ने कहा कि बाबा भोलेनाथ के भक्तों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। राज्य सरकार कांवरियों की सुगम, सुरक्षित एवं सुखद यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि पवन केसान, स्वप्निल झा, कुमार मंगलम, विकास कर्ण सहित कई गणमान्य लोगों ने सेवा कार्य में सहयोग दिया।


