कारागार मंत्री ने दिया अनुशासन व संवेदनशीलता का संदेश
-कारागार मुख्यालय में आयोजित पासिंग आउट परेड के दीक्षांत समारोह में 31 प्रशिक्षणार्थी सम्मानित लखनऊ,

कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने सोमवार को आलमबाग स्थित डॉ. सम्पूर्णानन्द कारागार प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित कारागार अधिकारी एवं जेल वार्डर की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। उन्होंने परेड में शामिल छत्तीसगढ़ के नौ अधिकारियों, यूपी के तीन डिप्टी जेलर व 79 जेल वार्डर समेत 91 प्रशिक्षुओं को अनुशासन एवं संवेदनशीलता का संदेश दिया। मंत्री ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 31 प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित किया। दीक्षांत समारोह में अधिकारी संवर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षार्थी का पुरस्कार छत्तीसगढ़ के जिला कारागार गरियाबंद के जेल अधीक्षक टामन को और जेल वार्डर संवर्ग में सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षार्थी का पुरस्कार यूपी के जिला कारागार बागपत के अतुल यादव को दिया गया।
मंत्री ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा और मानवाधिकारों के संरक्षण की शपथ दिलाई। महानिदेशक कारागार पीसी मीना ने बताया कि एशिया के इस प्रथम कारागार प्रशिक्षण संस्थान में मार्च 2026 तक 1681 अधिकारियों और 13,266 जेल वार्डरों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। इस अवसर पर पुलिस डीआईजी एससी शाक्य एवं प्रदीप गुप्ता, जेल डीआईजी पीएन पाण्डेय व शैलेन्द्र कुमार मैत्रेय,वरिष्ठ जेल अधीक्षक रंग बहादुर पटेल, वित्त नियंत्रक आबिद अली अंसारी सहित अन्य अधिकारी एवं प्रशिक्षुओं के पारिजन उपस्थित रहे।


