माता-पिता की स्मृति में भावुक हुए असीम अरुण, शिक्षा और सेवा का लिया संकल्प
समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण ने नॉर्थ स्टार विद्यालय में ''अरुण-शशि आत्म मिलन दिवस'' पर अपने माता-पिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बताया कि 2 जुलाई उनके लिए विशेष दिन है। इस अवसर पर उन्होंने माता-पिता के द्वारा सिखाए गए मूल्यों और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह में भीड़ ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।
ठठिया, संवाददाता। समाज कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने गुरुवार को खैरनगर स्थित नॉर्थ स्टार विद्यालय में आयोजित ''अरुण-शशि आत्म मिलन दिवस'' पर अपने माता-पिता, पूर्व डीजीपी स्वर्गीय श्रीराम अरुण और स्वर्गीय शशि अरुण को श्रद्धापूर्वक नमन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन कर उन्होंने कहा कि माता-पिता से मिले संस्कार ही उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी और प्रेरणा हैं। राज्यमंत्री ने बताया कि 2 जुलाई उनके परिवार के लिए विशेष और भावनात्मक दिन है। इसी तिथि को उनके पिता का जन्म हुआ था, जबकि संयोग से इसी दिन उनकी माता का निधन हुआ। इसलिए यह दिन उनके लिए श्रद्धा, स्मरण और संकल्प का प्रतीक बन गया है।
उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने ईमानदारी, अनुशासन, सेवा, शिक्षा और सामाजिक दायित्वों के जो मूल्य सिखाए, वही आज उनके सार्वजनिक जीवन की आधारशिला हैं। असीम अरुण ने कहा कि नॉर्थ स्टार विद्यालय उनके माता-पिता का सपना था। उनका उद्देश्य ग्रामीण और सामान्य परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण तथा संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराना था। आज विद्यालय उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का भी संवर्धन कर रहा है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी हवन में आहुति देकर दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। विद्यालय परिवार, परिजन, सामाजिक कार्यकर्ताओं और लोगों ने स्वर्गीय श्रीराम अरुण और शशि अरुण के शिक्षा एवं समाजसेवा के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। समारोह श्रद्धा, स्मृति और संस्कारों के संदेश के साथ संपन्न हुआ।


