24 परियोजनाओं का अन्वेषण पूरा होने पर खोजे जाएंगे खनिजों के ब्लॉक : माला श्रीवास्तव
- भूवैज्ञानिक कार्यकारिणी परिषद की बैठक में यूपी की खनन परियोजनाओं पर हुई चर्चा

चार जिलों की 24 खनन परियोजनाओं का अन्वेषण पूरा होने बाद खनिज ब्लॉकों की खोज होगी। खनन विभाग की निदेशक और सचिव माला श्रीवास्तव ने मंगलवार को राज्य भूवैज्ञानिक कार्यकारिणी परिषद की बैठक में इसकी जानकारी दी।माला श्रीवास्तव ने बताया कि जीएसआई वित्तीय वर्ष 2026-27 में ललितपुर, झांसी व सोनभद्र में 15 परियोजनाओं, झांसी, महोबा व ललितपुर में खनन विभाग 4 परियोजनाओं, झांसी में मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड, नागपुर की 2 परियोजनाओं और सोनभद्र में परमाणु ऊर्जा विभाग की 3 परियोजनाओं को संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अन्वेषण का काम पूरा होने के बाद प्रदेश में और अधिक मुख्य खनिजों के ब्लॉक खोजे जा सकेंगे।
राज्य सरकार द्वारा नीलामी किए जाने पर खनिज आधारित उद्योगों की स्थापना हो सकेगी।माला श्रीवास्तव ने बताया कि इस कार्यकारिणी परिषद की बैठक में सभी स्टेकहोल्डरों के साथ चर्चा की जाती है। यूपी में बीते काफी समय से खनन गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश को केंद्र सरकार ने तमिलनाडु के साथ बी श्रेणी के रखा है। इस श्रेणी में हम बेहतर काम कर रहे हैं और नई साइट्स की खोज कर रहे हैं।

