रोटी की तलाश में मुंबई गया मजदूर, ट्रेन से घर लौटा शव
देवघर, प्रतिनिधिपरिवार की जरूरतें पूरी करने और दो वक्त की रोटी के लिए मुंबई कमाने गए मोहनपुर प्रखंड के घोषपुर निवासी प्रवासी श्रमिक सुरेंद्र टुडू की

देवघर, प्रतिनिधि परिवार की जरूरतें पूरी करने और दो वक्त की रोटी के लिए मुंबई कमाने गए मोहनपुर प्रखंड के घोषपुर निवासी प्रवासी श्रमिक सुरेंद्र टुडू की मौत हो गयी। जिस परिवार को उससे कमाकर लौटने की उम्मीद थी, वहां शुक्रवार को उसका शव पहुंचा तो मातम पसर गया। सुरेंद्र मुंबई से ट्रेन से जसीडीह अपने घर लौट रहा था। उसी दौरान मध्य प्रदेश के बुरहानपुर-खंडवा रेलवे स्टेशन के बीच अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गयी और मौत हो गयी। घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही परिजन सदमे में थे। बताया गया कि सुरेंद्र टुडू मुंबई में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
काम पूरा होने के बाद वह घर लौट रहा था। ट्रेन यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद उसकी जान चली गयी। गांव के ही सहयात्री के साथ वह वापस लौट रहा था। घटना के बाद प्रशासनिक स्तर पर समन्वय कर मध्य प्रदेश से शव को उसके पैतृक गांव लाने की प्रक्रिया पूरी की गयी। शुक्रवार शाम शव घोषपुर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी। मृतक के पिता चुड़का टुडू और मां का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोग भी शोक जताने के लिए उनके घर पहुंचने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि सुरेंद्र परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने के लिए घर से दूर रहकर मजदूरी करता था। परिजनों को उम्मीद थी कि वह कमाकर घर लौटेगा, लेकिन उसका शव वापस आया। इधर, झामुमो मोहनपुर प्रखंड कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मृतक के घर पहुंचे। प्रखंड अध्यक्ष सुनील कुमार मंडल सहित नेताओं ने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना जतायी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। जिला प्रशासन की ओर से भी मृतक के आश्रित पिता चुड़का टुडू को मुख्यमंत्री झारखंड प्रवासी श्रमिक दुर्घटना कोष के तहत 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि दी गयी है।


