मेटा ने इंस्टाग्राम पर बच्चों के शोषण से जुड़े विज्ञापनों पर दी सफाई
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े विज्ञापनों पर मेटा ने केंद्र सरकार को स्पष्टीकरण दे दिया है। आईटी सचिव एस. कृष्णन ने बताया कि मेटा ने सभी एप्स पर विज्ञापनों पर रोक लगाने के प्रयासों की जानकारी दी। इसकी जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

नई दिल्ली, एजेंसी। सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट वाले विज्ञापनों पर मेटा ने केंद्र सरकार को अपना स्पष्टीकरण दे दिया है। आईटी सचिव एस. कृष्णन ने सोमवार को बताया कि केंद्र सरकार ने हाल में मेटा को इस मामले में नोटिस जारी किया था। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इंस्टाग्राम से ऐसे सभी विज्ञापन हटाने के निर्देश साथ जवाब मांगा था। सचिव ने बताया कि शनिवार को जवाब देने की समयसीमा समाप्त होने से पहले कंपनी ने अपना जवाब दे दिया है।सचिव ने बताया कि मेटा ने अपने सभी ऐप पर बाल यौन शोषण से जुड़े विज्ञापनों पर रोक लगाने की कोशिशों की जानकारी दी है।
इसमें एआई आधारित पहचान और बड़े पैमाने पर की गई कार्रवाई का जिक्र है। इसके अलावा कंपनी ने एक ब्लॉगपोस्ट में बच्चों-युवाओं की सुरक्षा, विज्ञापन समीक्षा प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए तकनीक और संसाधनों में निवेश बढ़ाने की बात भी कही है। सचिव ने बताया कि कंपनी के जवाब की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।


