मेटा के अलर्ट पर पुलिस ने बचाई युवक की जान
वाराणसी में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्म हत्या करने की स्टोरी डाली। मेटा ने पुलिस को अलर्ट किया और युवक को ढूंढकर उसके परिजनों को सौंप दिया। युवक का ब्रेकअप हुआ था, जिससे वह अवसादित था। मार्च में भी इसी तरह एक युवक की जान मेटा के अलर्ट पर बचाई गई थी।

वाराणसी। इंस्टाग्राम पर सुसाइड से संबंधित स्टोरी डालने पर मेटा ने पुलिस को अलर्ट किया। अलर्ट मिलते ही चेतगंज पुलिस सक्रिय हुई। कुछ मिनट में युवक को ढूंढ़कर थाने लाया गया। काउंसिलिंग के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की गर्लफ्रेंड थी, जिससे उसका ब्रेक अप हो गया है। इस अवसाद में आकर युवक ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट की थी कि ‘हर्ष वर्मा, आपका भाई आत्म हत्या करने जा रहा है।’ इसके बाद मेटा ने इसका संज्ञान लिया और तत्काल यूपी पुलिस के लखनऊ स्थित मुख्यालय के पास अलर्ट आया। वहां से वाराणसी कमिश्नेरट को सूचना दी गई। यह सूचना चेतगंज थाने पर आई। इंस्पेक्टर विजय शुक्ला, नाटी इमली चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह, उप निरीक्षक भरत पांडेय, हेड कांस्टेबल गोपाल सिंह, कांस्टेबल पुनीत कुमार ने सर्विलांस की मदद से उसका मोबाइल नंबर निकालकर ट्रेस किया। हर्ष को ढूंढ़कर समझाया और परिजनों को सौंप दिया。
मार्च में भी पुलिस ने बचाई थी जान
बीते 29 मार्च को भी मेटा के अलर्ट पर कमिश्नरेट पुलिस ने एक युवक की जान बचाई थी। चोलापुर निवासी एक युवक ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘आज आखिरी रात है मेरी, कोई कॉल नहीं करना, क्योंकि मैने जहर खा लिया है।’ मेटा से मिले अलर्ट पर चोलापुर पुलिस महज 17 मिनट में युवक तक पहुंची। पुलिस पहुंची तो युवक पानी में कीटनाशक मिलाकर पी रहा था। पुलिस ने ग्लास छीन लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी काउंसिलिंग कराई गई थी।


