मेधावी छात्रों को कल्पना वार्ष्णेय स्मृति सम्मान
हल्द्वानी में काव्यरत्नम् साहित्य संस्था एवं प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल द्वारा मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। नैनीताल जिले के चार छात्रों ने उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद की परीक्षा में श्रेष्ठता प्राप्त की। मुख्य अतिथि डॉ. आनंद सिंह उनियाल ने विद्यार्थियों को नशामुक्त रहने का संदेश दिया।

प्रमोद डालाकोटी हल्द्वानी। काव्यरत्नम् साहित्य संस्था एवं प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल की ओर से श्रीदुर्गादत्त कपिलाश्रमी उत्तर माध्यमिक विद्यालय में मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आयोजक अशोक वार्ष्णेय ने बताया कि उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित वार्षिक परीक्षा-2026 की प्रदेशीय श्रेष्ठता तालिका में नैनीताल जिले के चार विद्यार्थियों ने पूर्व एवं उत्तर मध्यमा में स्थान प्राप्त किया था। इन मेधावी छात्रों को श्रीमती कल्पना वार्ष्णेय स्मृति सम्मान-2026 के तहत सम्मान पत्र एवं अंग वस्त्र प्रदान कर अलंकृत किया गया।मुख्य अतिथि संयुक्त उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. आनंद सिंह उनियाल ने कहा कि वर्तमान युवा पीढ़ी ही विकसित भारत और सुरक्षित लोकतंत्र की वास्तविक नींव है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं से प्रकृति से जुड़ने और नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डॉ. गोपाल दत्त त्रिपाठी ने कहा कि संस्कृत भाषा सनातन धर्म की प्राण है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए समाज व सरकार दोनों को संयुक्त प्रयास करने होंगे। कवि राजकुमार भंडारी, प्राचार्य डॉ. राजेंद्र भट्ट, जगतप्रकाश त्रिपाठी, भोलानाथ केसरवानी, राजीव अग्रवाल, वीरेन्द्र गुप्ता, रामबाबू जायसवाल, लोकेश वार्ष्णेय, हृदयेश वार्ष्णेय, तृप्ति वार्ष्णेय एवं दीपक पंत आदि मौजूद रहे।


