कटिहार: मेहंदी प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई कला की प्रतिभा
कटिहार के उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय हसनगंज में छात्राओं के बीच मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई। 26 जोड़ी छात्राओं ने भाग लिया, जहां आकर्षक मेहंदी डिज़ाइन बनाए गए। पार्वती-अष्टमी की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि गुनगुन-दीया और तरन्नुम-समेनुर की जोड़ी ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया।

कटिहार से शशि रमण की रिपोर्ट उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय हसनगंज में छात्राओं के बीच मेहंदी रचाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुल 26 जोड़ी छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने हाथों पर एक से बढ़कर एक आकर्षक मेहंदी डिजाइन बनाए। सभी प्रतिभागियों द्वारा बनाए गए डिजाइन इतने सुंदर और कलात्मक थे कि निर्णायकों को विजेताओं का चयन करने में काफी समय लगा। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद पार्वती-अष्टमी की जोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं गुनगुन-दीया तथा तरन्नुम-समेनुर की जोड़ी संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रही, जबकि संगीता-रक्षा की जोड़ी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक पवन कुमार भगत ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में न केवल सकारात्मक मानसिक विकास होता है, बल्कि वे पढ़ाई के साथ-साथ कला एवं संस्कृति से भी जुड़ते हैं। ऐसी गतिविधियों से छात्राओं में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में रागिनी राज, सुचिता कुमारी, प्रियंका कुमारी एवं शगुफ्ता साबिर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं धीरज कमल, केशव कुमार, अजीत कुमार, रोहित कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से विद्यालय में उत्साह का माहौल रहा और छात्राओं ने कला के माध्यम से अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया।


