नियमों का पालन करें निजी स्कूल संचालक
हरदोई में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में एक बैठक हुई, जिसमें उप्र स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय अधिनियम 2018 का पालन सुनिश्चित करने पर चर्चा की गई। बैठक में निजी विद्यालयों में शुल्क वृद्धि, ड्रेस एवं पाठ्य पुस्तकों की व्यवस्था पर विस्तार से बात की गई। विद्यालयों को फीस वृद्धि का प्रस्ताव समय से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

हरदोई। स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में उप्र स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम 2018 के प्रावधानों एवं शासन द्वारा जारी निर्देशों का अक्षरशः पालन कराने के संबंध में बैठक आयोजित की गई। इमें निजी विद्यालयों में शुल्क वृद्धि, ड्रेस एवं पाठ्य पुस्तकों की व्यवस्था, स्कूली वाहनों के चालक-परिचालकों के सत्यापन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। अनुपस्थित प्रधानाचार्य, प्रतिनिधि को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि विद्यालयों द्वारा फीस में वृद्धि किए जाने का प्रस्ताव नियमानुसार फीस निर्धारण समिति के समक्ष कम से कम 60 दिन पूर्व प्रस्तुत किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की ड्रेस में पांच वर्ष से पहले परिवर्तन न किया जाए। अभिभावकों को आवश्यक पाठ्य पुस्तकों की सूची उपलब्ध कराएं। किसी एक निश्चित दुकान से ही पुस्तकें खरीदने के लिए अभिभावकों को बाध्य न किया जाए। यूनिफॉर्म के लिए भी किसी एक दुकान को निर्धारित न किए जाने के निर्देश दिए गए। एनुअल डे, एनुअल फीस अथवा अन्य किसी भी प्रकार का अनावश्यक/अतिरिक्त शुल्क न लगाए जाने के निर्देश दिए।


