खैरनगर में 14 दवा कारोबारियों के 40 लाख रुपये लेकर दुकानदार फरार
खैरनगर स्थित भानू फार्मा बाबा मेडिमाल ने 14 दवा कारोबारियों से 40 लाख रुपये की दवा मंगा ली और भुगतान से मना किया। थाना देहली गेट पर मामले की रिपोर्ट दर्ज हुई है। इसके अलावा, नोएडा के युवक ने स्पोटर्स का सामान सप्लाई करने के नाम पर 1.80 लाख रुपये की ठगी की।

खैरनगर स्थित भानू फार्मा बाबा मेडिमाल ने नोएडा की फार्मा कंपनी समेत 14 दवा कारोबारियों से 40 लाख रुपये की दवा मंगा ली। इसके बाद रुपया देने से इंकार कर दिया। सभी ने भुगतान का तकादा किया तो आरोपी दुकान बंद कर फरार हो गया। थाना देहली गेट पर आरोपी फार्मा कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक गौतमद्धनगर निवासी जय मेडिकल एजेंसी के प्रबंधक विशाल उपाध्याय व होलसेलर एंड रिटेलर केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष इंद्रपाल सिंह, महामंत्री व पीड़ित अन्य 13 फार्मा कंपनियों के प्रबंधकों की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि उन्होंने अपनी फर्म से खैरनगर स्थित भानू फार्मा को 40 लाख रुपये की दवाई सप्लाई की। माल लेने के बाद उन्हें पेमेंट नहीं किया गया। भानू फार्मा का लाइसेंस आरोपी नीतू सिंह पत्नी विश्वेन्द्र सिंह निवासी रोशनपुर डोरली के नाम है.
स्पोटर्स का सामान सप्लाई करने के नाम पर ठगी करने वाला पकड़ा
मेरठ, संवाददाता।
मेडिकल थाना पुलिस ने आनलाइन साइबर ठगी करने वाले नोएडा निवासी युवक को दबोच लिया। उसने देश के विभिन्न राज्यों में आठ लोगों को स्पोटर्स का सामान बेचने के नाम पर 1.80 लाख रुपये की ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया.
साइबर ठगों ने खाते से निकाले 12.98 लाख रुपये
मेरठ, संवाददाता।
फलावदा के ग्राम सनौता निवासी सोमपाल सैनी ने बताया कि उसके पास साइबर ठगों का फोन आया। उसे विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर लाभ कमाने का झांसा दिया। साइबर ठग उसके मोबाइल पर लिंक भेजते रहे। वह उन्हें बताए अनुसार क्लिक करता रहा और ओटीपी देता रहा। 24 बार में उसके खाते से 12,98,339 रुपये निकाल लिए.
व्यापारी के दो लाख रुपये लेकर नौकर फरार
मेरठ। गढ़ रोड राजवंश विहार निवासी शत्रुघन ने बताया कि उसकी गढ़ रोड पर दुर्गा इलेक्ट्रिक के नाम से दुकान है। यहां शिवम निवासी गंगा विहार गोकुलपुर दिल्ली चौकीदार का काम करता है। फैक्ट्री में खड़ी गाड़ी से शिवम ने दो लाख रुपये निकाले और फरार हो गया। थाना मेडिकल पर आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है.
मकान दिलाने के नाम पर 25 हजार रुपये ठगे
मेरठ। माधवपुरम निवासी राहुल गुप्ता ने बताया कि नीरज गौड, संदीप कुमार व गुलशन कुमार ने उसे माधवपुरम में एक मकान दिलाने व खरीदने के लिए लोन दिलाने का झांसा दिया। आरोपियो ने उससे 80 हजार रुपये का चेक, 20 हजार रुपये नकद व कमीशन के 30 हजार रुपये ले लिए। काफी समय तक मकान नाम नहीं हुआ और न ही लोन हुआ तो उसने चेक का भुगतान बैंक से रुकवा दिया। थाना ब्रह्मपुरी पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है.


