प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य पर लगे आरोपों की होगी जांट
-डीजीएमई ने तीन सदस्यीय समिति बनाई, एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

प्रतापगढ़ स्थित डा. सोनेलाल पटेल स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों पर चिकित्सा शिक्षा विभाग ने कार्यवाही की है। विभाग ने शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है। समिति को एक सप्ताह के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायतों की गंभीरता
प्रतापगढ़ के विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य द्वारा डा. सोमनाथ, प्राचार्य डा. सोनेलाल पटेल स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के संबंध में भेजी गई शिकायत को विभाग ने गंभीरता से लिया है। अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष के निर्देश पर महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण (डीजीएमई) ने जांच प्रक्रिया शुरू करते हुए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित कर दी। जांच समिति को शिकायत में उल्लिखित प्रत्येक बिंदु की गहनता से जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। समिति एक सप्ताह के भीतर अपनी आख्या शासन को उपलब्ध कराएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्यवाही सुनिश्चित होगी।
अयोध्या के प्राचार्य पर जांच
इससे पूर्व अयोध्या के मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य रहे डा. ज्ञानेंद्र कुमार के खिलाफ भी वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतों की जांच चल रही है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर उनके खिलाफ जांच बिठाई गई थी। उन पर बीमारी के नाम पर अवकाश के दौरान जैम पोर्टल पर टेंडरों की स्वीकृति और भुगतान के लिए चेकों पर हस्ताक्षर के आरोप लगे हैं।


