कैंप में 70 बच्चों की हुई जांच, 60 दिव्यांगता प्रमाणपत्र के लिए चिन्हित
सिद्धार्थनगर में समग्र शिक्षा अभियान के तहत दिव्यांग बच्चों के लिए चिकित्सकीय परीक्षण कैंप आयोजित किया गया। 70 बच्चों की जांच में 60 को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के लिए चिन्हित किया गया, जिसमें सेरिब्रल पाल्सी, बौद्धिक अक्षम, श्रवण बाधित और दृष्टि दिव्यांग बच्चे शामिल हैं।

सिद्धार्थनगर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत कक्षा एक से 12 तक अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र उस्का बाजार में मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित किया गया। जिला समन्वयक समग्र शिक्षा करुणापति त्रिपाठी की देखरेख में आयोजित कैंप में 70 बच्चों की चिकित्सकीय जांच की गई। इनमें 60 बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र के लिए चिन्हित किया गया। जांच में 22 बच्चे सेरिब्रल पाल्सी/अस्थि दिव्यांग, 19 बौद्धिक अक्षम, पांच श्रवण बाधित और नौ दृष्टि दिव्यांग पाए गए। पांच बच्चों को जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया, जबकि पांच को प्रमाणपत्र के लिए अपात्र पाया गया।
चिकित्सकीय टीम में आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. विमल द्विवेदी, नेत्र सर्जन डॉ. समीम, ईएनटी सर्जन डॉ. संजय कुमार शर्मा, मनोचिकित्सक डॉ. अफजल, ऑडियोलॉजिस्ट बृजदीप कुमार व ऑप्टोमेट्रिस्ट अतुल कुमार शामिल रहे।


