पोत निर्माण में 27 हजार करोड़ का निवेश करेगी एमडीएल
मुंबई में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) ने रायगढ़ जिले के दिघी में नई पोत निर्माण इकाई स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिसके लिए 27,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस परियोजना से 90,000 नौकरियों का सृजन होगा और एमडीएल हर साल 20 लाख टन क्षमता के जहाजों का निर्माण करेगी।

मुंबई, एजेंसी। मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (एमडीएल) महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिघी में पोत निर्माण की नई इकाई स्थापित करने के लिए करीब 27,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी।इससे 90,000 नौकरियां सृजित होंगी। सरकार के अनुसार, एमडीएल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में राष्ट्रीय जहाजरानी और भारी उद्योग पार्क महाराष्ट्र लिमिटेड (एनएसएचआईपीएमएल) के साथ इस संबंध में समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। एमडीएल की ओर से यहां हर वर्ष करीब 20 लाख टन क्षमता के जहाजों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इससे देश की समुद्री औद्योगिक क्षमता और मजबूत होगी।
एमडीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध संचालक कैप्टन जगमोहन ने कहा कि कंपनी दिघी में आधुनिक और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी पोत निर्माण सुविधा विकसित करने के लिए काम करेगी।


