विद्यार्थियों को नशा मुक्ति, एंटी-रैगिंग और साइबर सुरक्षा का पाठ पढ़ाया
माया देवी विश्वविद्यालय में नए विद्यार्थियों के लिए संस्कारारंभ समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में नशा मुक्ति, एंटी-रैगिंग और साइबर सुरक्षा पर जागरूकता दी गई। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार और रैगिंग के दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। कुलपति ने जिम्मेदार नागरिक बनने की आवश्यकता पर जोर दिया।

माया देवी विवि में शनिवार को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए संस्कारारंभ समारोह के तहत नशा मुक्ति, एंटी-रैगिंग और साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सुरक्षित, जिम्मेदार और अनुशासित विश्वविद्यालयी जीवन के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। साइबर एक्सपर्ट राजीव सेमवाल ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फिशिंग, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, मजबूत पासवर्ड, ओटीपी और निजी जानकारी की सुरक्षा के बारे में बताया। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और संदिग्ध संदेशों का जवाब नहीं देने की सलाह दी। कार्यक्रम में नशे की दुनिया से बाहर निकल चुके लोगों ने भी अपने अनुभव विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
एंटी-रैगिंग विशेषज्ञ डॉ. संदीप ने विश्वविद्यालय की नीतियों और रैगिंग के दुष्परिणामों से अवगत कराया। कुलपति प्रो. आशीष सेमवाल ने कहा कि संस्कारारंभ सिर्फ शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने की पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्त, रैगिंग मुक्त और साइबर सुरक्षित परिसर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। इस दौरान वाइस प्रेसिडेंट डॉ. तृप्ति जुयाल सेमवाल, रजिस्ट्रार अंबिका जुयाल, डॉ. आरबी सिंह, डॉ. सीता जुयाल, जगदीश भंडारी, श्रीधर बडोला, मुकेश त्यागी, अनुज कुमार, धीरेंद्र रावत आदि मौजूद रहे।


