ओपन जूनियर एथलेटिक्स में जीते तीन पदक
मथुरा। 61वीं उत्तर प्रदेश ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन मथुरा के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और एक रजत समेत तीन पदक जीते

61वीं उत्तर प्रदेश ओपन जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन मथुरा के खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और एक रजत समेत तीन पदक जीते। लखनऊ स्थित गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज के खेल मैदान पर 4 से 6 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में मथुरा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। अंडर-20 बालक वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में मथुरा के कृष ने 49.39 मीटर थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में आमिर खान ने 47.91 मीटर थ्रो के साथ रजत पदक हासिल किया। वहीं अंडर-20 बालिका वर्ग की हेप्टाथलॉन स्पर्धा में अविका बालियान ने 4247 अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक जीता।
इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने आयरन गर्ल ऑफ यूपी का खिताब भी हासिल किया। मथुरा के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अब तक छह पदक जीते हैं। इनमें तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी आजाद सिंह, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार बाजपेई, उपाध्यक्ष संजय पाठक व विजय सिंह वर्मा, ओलंपिक संघ के सचिव महेंद्र सिंह राजपूत, यादराम बघेल, प्रतुल अग्रवाल, अभिषेक गर्ग, सह सचिव डॉ. पदम सिंह कौन्तेय, डॉ. दलवीर सिंह कौन्तेय, हरदेव सिंह, लोकेश कुंतल, सुंदर सिंह, देवेश यादव, लोकेश गौतम और ज्ञानेंद्र सिंह आदि ने बधाई दी है।


