पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय खंडामौदा में ‘मैथ्स एंड साइंस सर्किल’ का हुआ आयोजन
बहरागोड़ा के पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय खंडामौदा में सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 'मैथ्स एंड साइंस सर्किल' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गणित एवं विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने और प्रयोगात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षिका प्रीति मिश्रा ने छात्रों को जिज्ञासु बनने के लिए प्रोत्साहित किया।

बहरागोड़ा। बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत पीएम श्री प्लस टू उच्च विद्यालय खंडामौदा में विद्यार्थियों में गणित एवं विज्ञान विषय के प्रति रुचि, जिज्ञासा तथा वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट, भुवनेश्वर की ओर से ‘मैथ्स एंड साइंस सर्किल’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गणित एवं विज्ञान से संबंधित विभिन्न गतिविधियों, प्रयोगों, प्रश्नोत्तरी एवं रोचक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों की व्यावहारिक समझ विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिका प्रीति मिश्रा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए गणित एवं विज्ञान के दैनिक जीवन में महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु बनने, प्रश्न पूछने तथा प्रयोग के माध्यम से सीखने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमल पड़िहारी ने सुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट, भुवनेश्वर के इस सराहनीय प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में तार्किक क्षमता, रचनात्मकता एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गणित एवं विज्ञान को रुचिकर एवं प्रयोगात्मक तरीके से समझने के लिए प्रेरित करना रहा।


