6.4 किग्रा चांदी के साथ एक धराया
43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने सिद्धार्थनगर के खुनवा चेक पोस्ट पर एक बुजुर्ग व्यक्ति से 6.4 किग्रा चांदी बरामद की। आरोपी, हरिराम, नेपाल की ओर जा रहा था। चांदी का सामान कस्टम कार्यालय को सौंप दिया गया है।

सिद्धार्थनगर, निज संवाददाता। 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी खुनवा के चेक पोस्ट ड्यूटी पार्टी ने शनिवार को एक व्यक्ति के पास से 6.4 किग्रा चांदी बरामद की। आरोपी व बरामद चांदी को कस्टम कार्यालय खुनुवा को सौंप दिया। खुनवा चेक पोस्ट पर तैनात जवान तलाशी अभियान चला रहे थे। इस दौरान पिलर संख्या 556 से लगभग 50 मीटर अंदर चेक पोस्ट पर एक बुजुर्ग व्यक्ति भारत से नेपाल की तरफ जाने का प्रयास कर रहा था। जवानों ने उसे तलाशी लेने के लिए रोका तो बुजुर्ग घबराकर वापस भारत की तरफ भागने लगा। जवानों ने दौड़ा कर पकड़ लिया और उनके पास गठरी नुमा सामान को खोलकर तलाशी ली।
गठरी में 186 जोड़ी पायल और 1448 बिछिया मौजूद थी जिसका कुल वजन 6.474 किग्रा था।पूछताछ के दौरान बुजुर्ग ने बताया कि ये सामान शोहरतगढ़ में किसी अज्ञात व्यक्ति से लेकर नेपाल में किसी अनजान व्यक्ति को देने के लिए ले जा रहा था। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान हरिराम पुत्र पियारे निवासी नीबी दोहनी थाना शोहरतगढ़ के रूप में हुई। बरामद चांदी व आरोपी को सीमा शुल्क विभाग खुनुवा को सौंप दिया गया।


