सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जन-जन को जोड़ेंगे विकसित भारत के संकल्प से: धामी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक पद 25 साल पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक उत्तराखंड में 'सेवा संकल्प अभियान' मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत राज्यवासियों को 'विकसित भारत 2047' के संकल्प से जोड़ा जाएगा, जिसमें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का प्रावधान होगा।
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक पद 25 साल के सेवाकाल पूरे होने और उनके जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक उत्तराखंड में बड़े पैमाने पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ मनाया जाएगा। शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेस कांफ्रेस में मीडिया के साथ कार्यक्रम का ब्योरा साझा किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को केंद्र में रखते हुए प्रदेशवासियों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा। अभियान के 11 प्रमुख कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। इसे साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए वास्तविक बदलाव और लाभार्थियों की कहानियों को भी प्रमुखता से सामने लाया जाएगा। सभी जिलों के प्रभारी मंत्री अपने जिलों के कार्यक्रमों के आयोजन प्रभारी होंगे।
प्रमुख आयोजन
प्रमुख आयोजन : 1.- ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत सरकारी योजनाओं के केन्द्र, गैस वितरण केंद्रों, राशन दुकानों, प्रमुख धार्मिक स्थलों, गंगा तट, नए बांध/पुल, अमृत सरोवर, जन औषधि केंद्र आदि पर दीप जलाए जाएंगे। 2- ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ के तहत शैक्षणिक संस्थानों में ‘विकसित भारत’ के संकल्प तथा 25 वर्षों के कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 3- ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ के माध्यम से देश की उपलब्धियों पर आधारित नाटकों का विद्यालयों में मंचन होगा। ‘सेवा की कहानी’ से सरकारी योजनाओं से नागरिकों के जीवन में आए वास्तविक बदलाव को सामने लाया जाएगा। 4- ‘आंगन मिलन सेवा’ के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों, अभिभावकों, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं की सहभागिता से गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मातृ-बाल स्वास्थ्य, पोषण तथा मातृ-शिशु कल्याण से संबंधित जानकारी पर विशेष जोर रहेगा। 5- ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र सरकार की योजनाओं के साथ राज्य सरकार की योजनाओं को भी शामिल किया जाएगा।
ये भी होंगे आयोजन
ये भी होंगे आयोजन: ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत किसी प्रमुख चौराहे पर ‘विकसित भारत 2047’ से संबंधित कलश की स्थापना प्रस्तावित है। ‘सेवा : मेरा योगदान’ कार्यक्रम जरिए लोगों को पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, शिक्षण कार्य तथा अन्य समाजोपयोगी सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में रंगोली के माध्यम से विकसित भारत 2047 की दृष्टिकोण को प्रदर्शित किया जाएगा। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार के विभागों को जोड़कर उनसे वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्या-विवरणियां प्राप्त की जाएंगी। ‘सुशासन सेवा संवाद’ के तहत सेवा और सुशासन के विषय पर जनप्रतिनिधियों के साथ व्यापक संवाद किया जाएगा।

