पुरामहादेव मंदिर पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया भगवान आशुतोष का जलाभिषे
सावन के महीने में पुरामहादेव मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। रविवार को हजारों लोगों ने जलाभिषेक किया और सुख-शांति की कामना की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएससी तैनात रही। इस बार रविवार को भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गई, जबकि पहले सोमवार को ही होती थी।
बालैनी। पुरामहादेव मंदिर पर सावन के महीने में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार उमड़ रही है। रविवार को मंदिर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शाम तक हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर परिवार में सुख-शांति की कामना की। ऐतिहासिक पुरामहादेव मंदिर पर सावन के महीने में श्रद्धालुओं की भीड़ जलाभिषेक करने के लिए उमड़ रही है। पिछले वर्षों में तो सिर्फ सावन के सोमवार को भीड़ मंदिर आती थी, लेकिन इस बार सावन के महीने में रविवार के दिन भी श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर पर उमड़ रही है। रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
सुबह 4 बजे से ही मंदिर पर श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने लंबी-लंबी लाइनों में लगकर भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर मन्नते मांगी। सीओ खेकड़ा रोहन चौरसिया और थाना प्रभारी संजय कुमार दिनभर मंदिर पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर पर पीएससी तैनात रही। मुख्य पुजारी पंडित जयभगवान शर्मा ने बताया कि शाम तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया।


