आरक्षण व यूजीसी के समर्थन में धनबाद में निकाली जाएगी रैली
धनबाद में संविधान बचाओ संघर्ष समिति की बैठक में आरक्षण मुद्दे पर चर्चा हुई। समिति ने यूजीसी के समर्थन में विशाल रैली आयोजित करने की योजना बनाई है। वक्ताओं ने संविधान की रक्षा और आरक्षण में किसी भी परिवर्तन का विरोध करने का संकल्प लिया। बैठक में अगली सभा की तिथि और रणनीति तय की जाएगी।

धनबाद, वरीय संवाददाता। संविधान बचाओ संघर्ष समिति की बैठक गुरुवार को बस्ताकोला माइंस रेस्क्यू दुर्गा मंडप परिसर में हुई। बैठक में आरक्षण के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा करते हुए यूजीसी के समर्थन में धनबाद में विशाल रैली आयोजित करने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आरक्षण व संविधान से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके विरोध में समाज को एकजुट कर आंदोलन तेज किया जाएगा। बैठक में निर्णय लिया गया कि छह सितंबर को धनबाद में बैठक की जाएगी। इसमें प्रस्तावित रैली की तिथि, रूपरेखा, स्थान और आंदोलन की रणनीति पर विस्तृत निर्णय लिया जाएगा।
समिति के सदस्यों ने अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि संविधान ने वंचित और पिछड़े वर्गों को अधिकार और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का अवसर दिया है। आरक्षण उनके संवैधानिक अधिकारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें किसी भी प्रकार के बदलाव या छेड़छाड़ की कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसके अधिकारों की सबसे बड़ी ताकत है।बैठक की अध्यक्षता दशरथ यादव और संचालन गोपाल यादव ने किया। मौके पर जेएमएम नेता देबू महतो, अनूप साव, उचित महतो, किशोर मुर्मू, राकेश कुमार, अधिवक्ता शिवदत्त कुमार, रामसेवक पासवान, नवल पासवान, महेंद्र पासवान, संतोष कुमार दास, मुनीलाल राम, रजनी देवी, गायत्री देवी उपस्थित थे।


