सावन की अंतिम सोमवारी के लिए महादेवा घाट पर शिवभक्तों की उमड़ी भीड़
सावन की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं ने शिवालयों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना की। रोहतास और कैमूर जिले से बड़ी संख्या में भक्त महादेवा घाट पहुंचे। गंगा स्नान करने के बाद, श्रद्धालुओं ने अपने गंतव्य शिव मंदिर के लिए शुभ यात्रा की। इस दौरान कई शिविर में चाय-पानी और दवाईयां उपलब्ध कराई गईं।

चौसा, एक संवाददाता। सावन की अंतिम सोमवारी पर विभिन्न गांवों में स्थित शिवालयों में जलाभिषेक करने और पूजा-अर्चना करने के लिए रविवार को स्थानीय प्रखण्ड के विभिन्न भागों के अलावा रोहतास और कैमूर जिले के सुदूरवर्ती इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों का दिनभर आना जारी रहा।
श्रद्धालुओं का उत्साह
दूरदराज से आने वाले सभी श्रद्धालु भक्तों ने यहां बहने वाली उत्तरवाहिनी गंगा नदी के किनारे स्थित महादेवा घाट पर पहुंच कर बाढ़ के पानी के बढ़ने के बावजूद सावधानी से तट के किनारे पहुंच कर गंगा स्नान किया तथा कलश में गंगा जल लेकर भगव वस्त्र पहनकर बोल-बम के नारे के साथ अपने गंतव्य स्थान पर स्थित शिव मंदिर के लिए रवाना होते रहे। शिवभक्तों का यह कारवां बक्सर-कोचस स्टेट हाइवे और चौसा मोहनिया मार्ग पर रविवार को पूरी रात चलता रहा।
सेवाओं की व्यवस्था
बोल-बम के नारे और भोलेबाबा के जयघोष के बीच शिवभक्तों की टोलियों से पूरी रात वातावरण गुंजायमान रहा तथा रास्ते भी रौनक रहे। इन सभी शिवभक्तों की सेवा के लिए महादेवा घाट से लेकर पूरे रास्ते में जगह-जगह युवाओं द्वारा शिविर लगाए गये थे। इन सभी शिविरों में चाय-पानी और दवाईयां भी उपलब्ध थी। गरमी से भक्तों को राहत उपलब्ध कराने के लिए कई जगहों पर कूलर और झरनों से पानी की व्यवस्था भी की गई थी। इसका आनंद लेते हुए शिवभक्त झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। इस पुरुष, महिलाओं और बच्चों में बहुत उत्साह देखने को मिला। (चौसा से सुधीर सिन्हा)

