हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर गंतव्य को रवाना हुए शिवभक्त कांवड़िए
रविंद्र सिंह हरिद्वार। सावन माह की कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। शुक्रवार

हरिद्वार। सावन माह की कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए हरकी पैड़ी पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाकर मां गंगा का पूजन-अर्चन किया। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पवित्र गंगाजल अपनी कांवड़ में भरा और भगवान शिव का जयघोष करते हुए अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए। हरकी पैड़ी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। पूरा क्षेत्र "बोल बम" और "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंजता रहा। कांवड़ियों में गंगाजल लेकर अपने शिवालयों में जलाभिषेक करने का विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार मुस्तैद रहीं।
वहीं विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा कांवड़ियों के लिए पेयजल, भोजन और प्राथमिक चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की भी व्यवस्था की गई।


