झमटिया घाट पर जलभरी को उमड़ा शिवभक्तों का सैलाब
लीड पेज 5:::::::::::बेगूसराय, समस्तीपुर व दरभंगा जिले के मुख्य शिवालयों तक शिवभक्तों का चलता रहा रैला

बछवाड़ा, निज संवाददाता। सावन की अंतिम सोमवारी की पूर्व संध्या पर रविवार को झमटिया घाट पर गंगाजल भरने कांवरियों का सैलाब सा उमड़ पड़ा। रविवार की सुबह से ही झमटिया घाट पर गंगा स्नान करने व गंगा जल भरने सड़क व रेलमार्ग से बड़ी संख्या में शिवभक्तों का जत्था पधारने लगा था। अपराह्न 2:00 बजे के बाद झमटिया घाट तक जाने वाली सभी सड़कें कांवरियों की भीड़ से पटने लगी थी। शाम 4:00 बजे के बाद कांवरियों की उमड़ी भीड़ के बीच स्नान घाट पर जगह कम पड़ गई। रविवार की दोपहर हुई बारिश व लगातार आसमान में बादल छाए रहने कांवरियों के लिए मौसम सुहाना बना था। एनएच-28 से झमटिया घाट तक जाने वाली दोनों एप्रोच पथों पर कांवरियों का रैला सा चल रहा था। मिथिलांचल के दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर आदि जिलों से सड़क मार्ग से पधार रहे कांवरियों की भीड़ के कारण झमटिया ढाला से समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय व मुसरीघरारी तक एनएच-28 पर रह-रहकर महाजाम की स्थिति उत्पन्न होती रही। कांवरियों की भीड़ को देखते हुए बेगूसराय व समस्तीपुर के जिला प्रशासन की ओर से एनएच-8 पर वाहनों का नियंत्रित परिचालन कराया जा रहा था। राष्ट्रीय उच्च पथ- 28 पर कांवरियों की सुरक्षा को देखते हुए शाम 4:00 बजे के बाद से देर रात तक के लिए भारी वाहनों के परिचालन पर प्रशासन की ओर से रोक लगा दी गई थी। एनएच- 28 पर बछवाड़ा से मुसरीघरारी करीब 40 किलोमीटर दूर तक सड़क जाम के कारण ट्रक व अन्य भारी वाहनों को मुरली टोल टोल प्लाजा व अन्य जगहों पर सड़क के किनारे खड़ी करनी पड़ी। शाम 5 बजे के बाद झमटिया स्नान घाट तक कांवरियों को पहुंचने तथा गंगाजल भरकर भीड़ से बाहर निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। सीढ़ी घाट पर भीड़ के कारण गंगा स्नान के लिए नदी में उतरे कांवरियों को गंगाजल लेकर नदी से बाहर निकल पाना मुश्किल सा हो रहा था। हालांकि प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्नान घाट पर प्रवेश व निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए थे। एनएच-28 मल्लिक ढाला के समीप कांवरियों को स्नान घाट तक जाने के लिए प्रवेश कराया जा रहा था। गंगाजल भरकर शिवालयों के लिए प्रस्थान करने वाले कांवरियों के लिए झमटिया ढाला के एप्रोच पथ को निकास द्वार बनाया गया था। झमटिया घाट से गंगाजल भरकर कांवरियों की भीड़ राष्ट्रीय उच्च पथ होकर पांव- पैदल समस्तीपुर जिले के करीब 50 किलोमीटर दूर थानेश्वर स्थान, 12 किलोमीटर दूर उगना महादेव विद्यापति धाम, दलसिंहसराय के रास्ते 45 किलोमीटर दूर रोसड़ा तथा करीब 70 किलोमीटर दूर दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान समेत बेगूसराय जिले के करीब 52 किलोमीटर दूर बाबा हरिगिरी धाम व अन्य शिवालयों के लिए लगातार प्रस्थान करती रही। अलग-अलग कई जत्थे में शामिल कांवरिए डीजे पर बज रहे बोल बम के गीतों पर नाचते- झूमते भी चल रहे थे। बोल बम व हर हर महादेव के नारे से इलाका गूंजायमान हो रहा था। कांवरियों की सुरक्षा के लिए नाव के साथ तैनात थे नाविकों की टीम गंगा बाया नदी लबालब भरे रहने के कारण नदी की हालत काफी भयावह बनी थी। सीढ़ी घाट छोड़कर नदी में अन्यत्र कहीं भी उतरकर स्नान करने पर प्रशासन की ओर से सख्त पाबंदी लगाई गई थी। सीढ़ी घाट पर कांवरियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से नदी के भीतर पानी में रस्सी व बांस से बैरेकेडिंग कराए जाने के साथ-साथ दर्जनों नावों के साथ नाविकों व बोट के साथ एसडीआरएफ टीम की तैनाती की गई थी। स्नान घाट से लेकर एनएच- 28 व विभिन्न कांवरिया पथों पर बड़ी संख्या में दंडाधिकारी के साथ पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। कांवरियों की उमड़ी भीड़ के बीच विधि व्यवस्था व सुरक्षा की कमान तेघड़ा एसडीएम नीरज सिन्हा, एसडीपीओ कृष्ण कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार राय, समेत विभिन्न थाने के पुलिस अधिकारी व पुलिस मुस्तैदी से संभालते दिखे। ट्रेनों से देर शाम तक उतरती रही कांवरियों की भीड़ बछवाड़ा जंक्शन पर समस्तीपुर की दिशा से आने वाली सभी एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों से कांवरियों की भारी भीड़ देर शाम तक उतरती रही। कांवरियों की भीड़ के कारण स्टेशन परिसर से लेकर रेलवे ऊपरीगामी पुल, स्टेशन रोड, बछवाड़ा बाजार व नारेपुर पश्चिम रोड पर मेला सा नजारा बना रहा। विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से राष्ट्रीय उच्च पथ- 28 व अन्य कांवरिया पथों में कांवरियों की सेवा के लिए मुफ्त पेयजल, खानपान के स्टॉल, चाय आदि की व्यवस्था की गई थी। बछवाड़ा व दलसिंहसराय के बीच एनएच- 28 के किनारे कई जगह आयोजित कार्यक्रमों में कलाकारों द्वारा शिव भजनों की प्रस्तुति पर कंवरिया झूमने को विवश हो रहे थे।

