Chandauli News: बाबा कीनाराम धाम में जन्मोत्सव के दूसरे दिन उमड़े आस्थावान
Chandauli News: महाकापालिक योगिराज अघोरेश्वर बाबा कीनाराम जी के 427वें जन्मोत्सव पर रामगढ़ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। जन्मोत्सव में स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध कराई। छात्राओं ने सोहर गीत गाकर बाबा कीनाराम को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Chandauli News: चहनियां, हिंदुस्तान संवाद। महाकापालिक योगिराज अघोरेश्वर बाबा कीनाराम जी की जन्मस्थली एवं तपस्थली रामगढ़ में चल रहे 427वें जन्मोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही बाबा कीनाराम के दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतार लगी रही। पूरे मठ परिसर और करीब पांच किलोमीटर के आसपास का क्षेत्र बाबा कीनाराम की भक्ति में सराबोर नजर आया। चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बाबा कीनाराम जी की जय’ के जयघोष गूंजते रहे। सुबह आठ बजे से मोहनभोग प्रसाद का वितरण शुरू हुआ, जो दोपहर करीब एक बजे तक चला। इसके बाद अन्नपूर्णा भवन में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद स्वरूप भोजन की व्यवस्था की गई। शाम तीन बजे पुनः मोहनभोग का वितरण शुरू हुआ, जो रात करीब नौ बजे तक चला। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा के दरबार में मत्था टेका। मेले में बच्चो ने झूला चरखी का लुफ्त उठाया l वही महिलाओ ने मिष्ठान, चाट, पकौड़ी की दुकानों पर जमकर खरीदारी किया l कार्यक्रम में दौरान मुख्य रूप से प्रभुनारायण सिंह लल्ला, अखिलेश अग्रहरी, आशुतोष सिंह कैलाशी,कार्यक्रम संयोजक अरुण सिंह,व्यवस्थापक मेजर अशोक सिंह, हेमराज सिंह, संतोष सिंह कौशल दूबे, आनंद तिवारी सोनू,समित सिंह, प्रभुनाथ पाण्डेय,तेजबल सिंह,अरुण यादव, अर्पित पाण्डेय,उमेश कुशवाहा,ऋषिकेश यादव , इंद्रेश कुमार, रूबी सिंह, धनंजय सिंह उर्फ धनजी,दीना सिंह दादा,कुलदीप वर्मा, मिथिलेश सिंह, संतोष पटेल, अनिल पांडेय, बुज्जा पांडेय, दिनेश सोनकर, नंदू गुप्ता, संदीप पाटिल सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन धनञ्जय सिंह, राजेंद्र पाण्डेय, रितेश पाण्डेय ने सयुक्त रूप से किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
जन्मोत्सव के दूसरे दिन प्रभात बेला में आरती के बाद सुबह नौ से 11 बजे तक रामायण पाठ हुआ। इसके बाद 11 बजे से शाम चार बजे तक मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सुरेश सरगम, सीमा यादव, निवास केसरी, रिंकी सिंह, कुंवर मिलन प्रताप सिंह और विक्की तिवारी सहित कलाकारों ने भोजपुरी गीतों एवं भजनों की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। शाम चार से छह बजे तक संगोष्ठी का आयोजन हुआ। शाम क़ो हजारों श्रद्धालुओं के संग डोल नगाड़ो के संग आरती तथा रात 10 बजे बाबा कीनाराम खेल मैदान में से कव्वाली कार्यक्रम में राकेश यादव, वसीम बारसी और नाज बारसी ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा।
संगोष्ठी में बाबा कीनाराम के जीवन पर चर्चा
बाबा कीनाराम के जन्मोत्सव में दूसरे दिन आयोजित संगोष्ठी में विकास सिंह, देवब्रत चौबे, डॉ. सुबेदार सिंह और अशोक पांडेय ने बाबा कीनाराम के जीवन, साधना और अघोर परंपरा में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने बाबा के जन्म, वैराग्य, साधना, गिरनार यात्रा और अघोर परंपरा से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का उल्लेख करते हुए उनकी आध्यात्मिक महिमा पर चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि बाबा कीनाराम की साधना और शिक्षाओं का प्रभाव आज भी देश-विदेश में श्रद्धालुओं के बीच दिखाई देता है।
24 घंटे चिकित्सा सेवा रही उपलब्ध
मेले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 24 घंटे चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध रही। प्रभारी चिकित्साधिकारी चहनियां संदीप के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने श्रद्धालुओं, कर्मचारियों और अधिकारियों को आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। चिकित्सकों ने लोगों से उबला हुआ पानी पीने, खान-पान में सावधानी बरतने तथा खुले में सोने से बचने की अपील की।
छात्राओं ने जन्मोत्सव पर गाया सोहर
लालजी सिंह गर्ल्स इंटर कालेज रामगढ़ की छात्राओं ने बाबा कीनाराम जन्मदिन के उपलक्ष्य में सोहरगीत की प्रस्तुति दी गई इस दौरान आंचल, स्नेहा, कुमुद,नंदिनी तथा अन्य छात्राओं द्वारा प्रस्तुति दी। इस कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक रणधीर सिंह, डायरेक्टर राजन सिंह, प्रशिक्षक अवनीश कुमार यादव और राजेश कुशवाहा मौजूद रहे।


