हजरत अब्दुल शकूर शाह के उर्स में उमड़ा सैलाब
मछलीशहर में हजरत सूफी संत अब्दुल शकूर शाह रहमतुल्लाह अलैह की मजार पर 37वें सालाना उर्स का आयोजन हुआ। दूर-दराज से आए जायरीनों ने चादरपोशी की और अमन-चैन की दुआ मांगी। विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भी चादर चढ़ाई और भाईचारे की अपील की। सुरक्षा के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए।
मछलीशहर, संवाददाता। नगर के काजी का पूरा (बाबागंज) स्थित हजरत सूफी संत अब्दुल शकूर शाह रहमतुल्लाह अलैह की मजार पर आयोजित दो दिवसीय 37वें सालाना उर्स में अकीदतमंदों का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज के शहरों से पहुंचे जायरीनों ने मजार पर चादरपोशी कर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी। क्षेत्रीय विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भी मजार पर पहुंचकर चादरपोशी की। उन्होंने क्षेत्र में सुख-शांति और खुशहाली की दुआ मांगी। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। नगर पंचायत अध्यक्ष संजय कुमार जायसवाल समेत सपा नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी चादर चढ़ाई। उर्स में मुंबई, दिल्ली, कोलकाता समेत विभिन्न शहरों और प्रांतों से बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत सज्जादानशीन मरहूम डॉ. एजाज अहमद सलमानी के परिवार की ओर से चादरपोशी के साथ हुई। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए। इस दौरान डॉ. परवेज सलमानी, डॉ. हस्सान, सभासद बबलू राइन, मोहम्मद शाहनवाज, मोहम्मद सरफराज, अब्दुल अजीज, हाफिज अतीकुर्रहमान, डॉ. मुजीबुर्रहमान, अहमद रजा, डॉ. मुजफ्फर, डॉ. मुदस्सर, डॉ. गुलाम मुस्तफा, आरिफ अंसारी, सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संचालन अयाज मास्टर ने किया।


