राखी मंडी में प्लास्टिक-बांस के गोदाम में लगी भीषण आग
कानपुर के राखी मंडी में सोमवार सुबह शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। यह आग कबाड़ और बांस के गोदाम में तेजी से फैल गई, जिससे धुंआ एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और दो घंटे में आग पर काबू पाया। इस हादसे में एक झोपड़ी जलकर राख हो गई।

कानपुर, दक्षिण संवाददाता। राखी मंडी में सोमवार सुबह शार्ट सर्किट से प्लास्टिक कबाड़ और बांस के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप ले लिया और करीब 30 से 40 फीट उठती ऊंची लपटों से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। इतना ही नहीं, गोदाम के धधकने से करीब एक किमी तक के इलाकों में धुंए का काला गुबार फैला रहा जिससे लोग सड़कों पर आने को मजबूर हो गए। सूचना पर पुलिस और दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और चौतरफा घेरकर पानी की बौछार की। फायर फाइटर्स ने करीब दो घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
हालांकि हादसे में एक झोपड़ी जलकर राख हो गई। विनोबा नगर निवासी माया यादव ने अपने घर के सामने राखी मंडी स्थित प्लाट को जूही निवासी मो. आरिफ को प्लास्टिक कबाड़ और परमपुरवा निवासी शेरू को बांस के गोदाम के लिए किराए पर दे रखा है। वहीं, कबाड़ बीनने वाले श्रवण और मीना कबाड़ गोदाम के पास झोपड़ी बनाकर रहते थे। मो. आरिफ ने बताया कि सोमवार सुबह करीब पौने सात बजे उन्हें गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। आनन-फानन वह मौके पर पहुंचे तो देखा तो पूरा कबाड़ गोदाम आग के आगोश में था। प्लास्टिक में लगी आग से उठता धुआं करीब एक किमी दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। इतना ही नहीं हवा के बीच आग से उठती करीब 30 से 40 फीट ऊंची-ऊंची लपटों ने कुछ ही देर में पीछे स्थित शेरू के बांस गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे आग और ज्यादा विकराल हो गई। सूचना पर फजलगंज, किदवई नगर और मीरपुर फायर स्टेशन से छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने किसी तरह हौज पाइप के सहारे चौतरफा पानी की बौछार कर करीब दो घंटे की में आग पर पूरी तरह से काबू पाया। वहीं, आग की चपेट में आने से श्रवण की झोपड़ी में रखा गृहस्थी का सामान भी जलकर राख हो गया, जबकि मो. आरिफ और शेरू का लाखों रुपये का माल जल गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि प्रथमदृष्टया शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से कोई जनहानि नहीं हुई है।


