गौलापार में दोपहिया वाहन का शोरूम जलकर राख
हल्द्वानी के गौलापार में रविवार रात एक दोपहिया वाहन के शोरूम में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। शॉट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना है, जिसमें एक स्कूटी और कई महंगे स्पेयर पार्ट्स शामिल हैं। शोरूम में हुए नुकसान की कुल राशि 95 लाख बताई जा रही है।
हल्द्वानी, वरिष्ठ संवाददाता। गौलापार में एक दोपहिया वाहन के शोरूम में रविवार रात आग भड़क गई। देर रात हुए हादसे में दोपहिया वाहन समेत लाखों का सामान जलकर राख हो गया। शोरूम में आग से करीब 95 लाख के नुकसान का दावा किया जा रहा है। गौलापार के कुंवरपुर में कशिश ऑटोमोबाइल नाम से दोपहिया वाहन की फर्म है। फर्म के संचालक पंकज कुमार ने बताया कि रविवार रात करीब 2 बजे शॉर्ट सर्किट से संभवत आग लग गई। आग की लपटें तेज हुई तो उन्हें किसी ने फोन पर इसकी जानकारी दी। जिसके बाद वह नजदीकी चौकी से पुलिस को बुलाकर मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक पूरा शोरूम राख हो चुका था।
बताया कि आग लगने से एक स्कूटी, दोपहिया वाहनों के लाखों के स्पेशर पार्ट्स, सीसीटीवी कैमरे, मशीनें, लैपटॉप, कंप्यूटर, अलमारी, फर्नीचर व अन्य सामान जलकर राख हो गया। अंत में बची आग को पास में टंकी से पानी लाकर रात को बुझाया गया। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि रेस्क्यू के बाद आग पर काबू पा लिया था। पीड़ित ने बीमा के लिए क्लेम किया है।

