5600 करोड़ की साइबर ठगी, मास्टरमाइंड समेत दो गिरफ्तार
कानपुर पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा किया है, जिसने पिछले तीन साल में 5600 करोड़ रुपये की ठगी की। गिरोह के मास्टरमाइंड और एक अन्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने 76 फर्जी फर्मों के जरिए पैसे ठगे और उनमें 3000 करोड़ रुपये आईसीआईसीआई और एचडीएफसी में ट्रांसफर हुए।

- ऑनलाइन गेम, सट्टेबाजी, निवेश का झांसा, डिजिटल अरेस्ट और फर्जी आईटीसी से ऐंठी रकम - 76 फर्मों के नाम पर खोले खाते, आईसीआईसीआई और एचडीएफसी में आए 3000 करोड़ रुपये
साइबर ठगी का खुलासा
कानपुर, प्रमुख संवाददाता। कानपुर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पिछले तीन साल में 17 राज्यों में 5600 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मास्टरमाइंड हैदराबाद में पुलिस के लुकआउट नोटिस पर पकड़ा गया था। यह गैंग ऑनलाइन गेम, आईपीएल मैचों में सट्टेबाजी, डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर ठगी समेत कई तरह की साइबर ठगी करके पैसा फर्जी खातों में मंगाता था। पुलिस और साइबर सेल पिछले एक माह से इनके पीछे लगी थी। इस गैंग के पांच सदस्य अभी फरार हैं, जिसमें एक पुलिस विभाग में तैनात दरोगा का बेटा है।
गिरफ्तारी और जांच
नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर देश के अलग-अलग राज्यों से आईं शिकायतों के बाद जांच में जुटी पुलिस ने बेकनगंज निवासी शाहजेव वारिस को हैदराबाद एयरपोर्ट से पकड़ा। उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी था। पुलिस के दबाव के चलते वह दुबई से दिल्ली आने के बजाए फ्लाइट से हैदराबाद पहुंच गया। उसे 48 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर शुक्रवार देर रात शहर लाया गया। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने बताया कि शाहवेज की निशानदेही पर चमनगंज निवासी सलमान को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। शाहजेव वारिस और सलमान के खिलाफ एनसीआरपी पर 86 शिकायतें मिली हैं। दोनों के खिलाफ साइबर थाना और फीलखाना में भी दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इन लोगों ने 76 बोगस फर्में बनाकर अकाउंट खुलवाए। इन्हीं अकाउंट में ठगी का पैसा मंगवाया जाता था। वर्ष 2023 से अब तक इन खातों में 5600 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है। शाहजेव की निशानदेही पर जाजमऊ की फर्म एचएमएस मुजम्मिल में छापा मारकर 65 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। यह फर्म मो. ताहिर के नाम पर है और फूड एग्रो का काम करती है। कंपनी का दावा है कि पैसे साइबर ठगी के नहीं हैं, ऐसे में यह रकम फ्रीज कर ट्रेजरी में जमा कराई जाएगी। दस्तावेज मिलने पर रिलीज कर दी जाएगी। पुलिस आयुक्त ने बताया कि इस मामले में गैंग के पांच सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
साइबर ठगी का पैमाना
कोट
साइबर ठगी का यह बहुत बड़ा गैंग है। पिछले तीन साल में आरोपियों ने 14 बैंकों के 72 खातों से 5600 करोड़ का लेनदेन किया है। पांच हजार पन्नों की डिटेल पुलिस के पास है। गैंग के फरार सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
-रघुबीर लाल, पुलिस आयुक्त


