अमावस्या पर गंगा स्नान के साथ किया दान पुण्य
फर्रुखाबाद में अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने पूजा अर्चना की और दान पुण्य बांटा। हरदोई, बरेली, मुरादाबाद और अन्य जिलों से लोग पहुंचे। सुरक्षा के लिए पुलिस चौकस रही, जबकि श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान सावधानी बरतने के लिए सूचित किया गया।

फर्रुखाबाद, संवाददाता।अमावस्या पर गंगा स्नान के लिए आस्थावानों की भीड़ उमड़ी। गंगा भक्तों ने पुण्य की डुबकी लगायी और दान पुण्य बांटा। दिन भर हर हर गंगे के उद्घोष गूंजते रहे। हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, पीलीभीत, बदायूं आदि जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए पांचालघाट पर पहुंचे। सुबह से ही स्नान करने वालों की भीड़ रही। चटक धूप के बीच श्रद्धालु पूरे दिन गंगा स्नान को पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं ने गंगाघाटों पर पूजा अर्चना की। वहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस भी चौकन्नी रही। गंगा पुत्रों ने गंगा में बढ़े हुये पानी को देखते हुये स्नान को पहुंचे श्रद्धालुओं को सचेत किया।
हालांकि गंगाघाटों पर बेरीकेडिंग भी थी। लेकिन इसके बाद भी गंगा पुत्र बराबर श्रद्धालुओं को समझाते रहे। शमसाबाद के ढाईघाट पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस यहां पूरे दिन रही। थानाध्यक्ष ने पहुंचकर पूरी व्यवस्था पर नजर रखी। श्रंगीरामपुर के गंगा तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहंुचे। अटेना पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही।


