आम्रेश्वर धाम में रात 2 बजे से ही गूंजने लगा बोल बम का जयघोष

हिन्दुस्तान, रांची
share

सावन की अंतिम सोमवारी पर झारखंड के आम्रेश्वर धाम में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। भक्तों ने शाम तक गर्भगृह में बाबा भोलेनाथ को जल चढ़ाया। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद थी और धाम को आकर्षक रोशनी और सजावट से सजाया गया था। सरना और आदिवासी समाज के लोग भी शामिल हुए।

आम्रेश्वर धाम में रात 2 बजे से ही गूंजने लगा बोल बम का जयघोष

तोरपा, प्रतिनिधि। सावन की अंतिम सोमवारी पर झारखंड का दूसरा देवघर कहे जाने वाले प्रसिद्ध आम्रेश्वर धाम अंगराबारी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। रविवार रात से ही धाम परिसर गेरुआमय हो गया। एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने स्वयंभू शिवलिंग पर जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। आस्था का आलम यह था कि रविवार रात 10 बजे से ही कांवरियों का जत्था धाम पहुंचने लगा था। रात 2 बजते-बजते पूरा धाम परिसर केसरिया रंग में रंग गया। चारों ओर बोल बम, हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा इलाका गूंजायमान हो रहा था। बाबा पर जल चढ़ाने के लिए प्रवेश द्वार से लेकर गर्भगृह तक लंबी कतार लग गई थी। भीड़ का दबाव लगातार बढ़ता देख आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति ने बड़ा फैसला लिया। सरकारी पूजा आधा घंटा पहले संपन्न कराकर सुबह 3:30 बजे ही मंदिर का पट खोल दिया गया।

पट खुलते ही उत्साह चरम पर:

जैसे ही दर्शन के लिए द्वार खुले, श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। बोल बम का नारा और बुलंद हो गया। भक्त बेलपत्र, अक्षत, गंगाजल और दूध लेकर गर्भगृह में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने लगे। यह सिलसिला देर शाम तक अनवरत चलता रहा। कतारें खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही थीं। जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने धाम परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों में भी दर्शन-पूजन किया। दिनभर पूरा धाम परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा, हर ओर सिर्फ गेरुआ वस्त्र ही नजर आ रहे थे।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद:

भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के सदस्य, वॉलंटियर और पुलिस बल के जवान दिन-रात सक्रिय रहे। पुलिस के वरीय अधिकारी खुद मॉनिटरिंग करते नजर आए। पूरा धाम परिसर आकर्षक रोशनी से नहाया हुआ था, जिससे भक्तिमय माहौल और दिव्य हो गया था।

13 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे शिवभक्त:

श्रद्धालु दो नदियों से जल लेकर पैदल आम्रेश्वर धाम पहुंचे थे। रांची और खूंटी की ओर से आने वाले भक्तों ने बनई नदी में स्नान कर जल उठाया और 3 किलोमीटर पैदल चलकर धाम पहुंचे। वहीं कोलेबिरा, तोरपा और तपकरा की ओर से आने वाले कांवरियों ने चेंगरजोर नदी से जल लेकर 13 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा कर बाबा का जलाभिषेक किया।

सीसीटीवी से हो रही थी निगरानी:

धाम परिसर में दर्जनों सीसीटीवी कैमरे लगाये गये। प्रबंध समिति के कार्यालय से निगरानी की जा रही थी। समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेन्द्र नाथ शाहदेव, महामंत्री मनोज कुमार, उपाध्यक्ष रमेश मांझी, कोषाध्यक्ष संतोष पोद्दार, कार्यालय प्रभारी सत्यजीत कुंडू समेत अन्य पदाधिकारी व सदस्य दिन रात सक्रिय रहे। महामंत्री मनोज कुमार ने बताया कि अंतिम सोमवारी को एक लाख से भी अधिक भोलेनाथ के भक्तों ने जलाभिषेक किया।

आम्रेश्वर धाम में आकर्षक सजावट ने मोहा मन:

तोरपा, प्रतिनिधि। अंतिम सोमवारी को लेकर प्रसिद्ध आम्रेश्वर धाम को दुल्हन की तरह सजाया गया था। मुख्य मंदिर और गर्भगृह को रंग-बिरंगे फूलों और मालाओं से आकर्षक रूप से सजाया गया था, जो देखते ही बन रहा था। धाम परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों की भी विशेष सजावट की गई थी। शाम होते ही पूरा धाम परिसर रंगीन रोशनी से नहा उठा, जिससे उसकी दिव्यता और भव्यता कई गुना बढ़ गई। सजे-धजे धाम में पहुंचकर श्रद्धालु अभिभूत हो गए।

सरना-आदिवासी समाज ने भी किया जलाभिषेक:

अंतिम सोमवारी पर आम्रेश्वर धाम में सरना व आदिवासी समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। गुमला, पालकोट, सिसई, रांची सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ बाबा भोलेनाथ का दर्शन-पूजन किया। पालकोट-गुमला से आए भक्तों ने बताया कि वे हर साल सावन में आम्रेश्वर धाम आकर पूजा करते हैं। आदिवासी परंपरा और शिवभक्ति का यह अद्भुत संगम धाम में आकर्षण का केंद्र बना रहा।

सामान्य प्रश्न

✦अंतिम सोमवारी पर कितने श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया?−
अंतिम सोमवारी को एक लाख से भी अधिक भोलेनाथ के भक्तों ने जलाभिषेक किया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsआम्रेश्वर धाम में रात 2 बजे से ही गूंजने लगा बोल बम का जयघोष