सिमरिया धाम में गंगाजल भरने के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सावन की चौथी व अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में दिखा उत्साहता। सावन माह की चौथी व अंतिम सोमवारी के मौके पर बाबा हरिगिरि धाम में जलाभिषेक को लेकर रविवार को सिमरिया गंगानदी में जल भरने के लिए...

सिमरिया धाम, एक संवाददाता। सावन माह की चौथी व अंतिम सोमवारी के मौके पर बाबा हरिगिरि धाम में जलाभिषेक को लेकर रविवार को सिमरिया गंगानदी में जल भरने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार की सुबह गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हुई जो देर शाम तक जारी रही। इस दौरान सिमरिया धाम में भक्तिमय उत्सवी माहौल दिख रहा था। श्रद्धालुओं ने बोलबम व हर-हर महादेव के जयकारे के साथ गंगानदी में स्नान के बाद वहां पंडितों से कांवर की पूजा करवा गढ़पुरा के बाबा हरिगिरि धाम के लिए रवाना हुए। श्रद्धालु बस, ट्रक, स्कार्पियो, बोलेरो, टेम्पो, बाइक आदि से सिमरिया धाम पहुंचे।
दूसरी ओर जिला प्रशासन के द्वारा सिमरिया गंगा तट पर श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सफाई, प्रकाश की व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र के साथ-साथ गंगा स्नान के दौरान कोई श्रद्धालु नहीं डूबे, इसको लेकर गंगानदी में एसडीआरएफ व गोताखोर की टीम के जवान रबर वोट समेत सुरक्षा उपकरण के साथ तैनात किए गए थे। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन पर सिमरिया धाम व चकिया-थर्मल के समीप कांवरिया मार्ग को दुरुस्त नहीं करने का आरोप लगाते हुए श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी परेशानी होने की बात कही।


