चतरा तक पहुंची जमशेदपुर के सोना लूटकांड की जांच, चार संदिग्ध हिरासत में
हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
गोलमुरी के केनरा बैंक में हुई करोड़ों रुपये की लूट की जांच अब चतरा पहुंच गई है। चतरा पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनमें से दो का जमशेदपुर बैंक लूटकांड के मुख्य आरोपियों से संपर्क था। पुलिस उनके संभावित कनेक्शनों की जांच कर रही है।

गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े हुए करोड़ों रुपये के सोना और नकदी लूटकांड की जांच अब चतरा तक पहुंचती दिखाई दे रही है। चतरा पुलिस ने रविवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें दो के जमशेदपुर बैंक लूटकांड के मुख्य आरोपी से लगातार संपर्क में रहने के सुराग मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने चारों संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर जमशेदपुर लूटकांड से उनके संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है। पूछताछ के बाद संदिग्धों को जमशेदपुर पुलिस के हवाले किए जाने की चर्चा है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उनकी भूमिका लूट की साजिश, रेकी, अपराधियों को पनाह देने या फरारी में थी या नहीं। हालांकि, पुलिस ने मामले में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।


