आंबेडकर पार्क में भाजपा ने लगाया योग शिविर, सांसद ने किया प्रोत्साहित
मेदिनीनगर में भारतीय जनता पार्टी की पलामू यूनिट द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग शिविर का आयोजन किया गया। सांसद विष्णु दयाल राम ने स्वस्थ जीवन का संदेश फैलाने पर बल दिया। योग को रोज़मर्रा में शामिल करने की अपील की गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।

मेदिनीनगर, संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाते हुए रविवार को भारतीय जनता पार्टी की पलामू यूनिट ने मेदिनीनगर स्थित आंबेडकर पार्क में योग शिविर लगाया। कार्यक्रम में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इस क्रम में सांसद ने कहा कि योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है। देशभर में उत्साहपूर्वक आयोजित हो रहे योग दिवस कार्यक्रम इस बात का प्रमाण हैं कि लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं और इसके माध्यम से निरोग जीवन की ओर अग्रसर हैं।
उन्होंने सभी लोगों से नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा का अमूल्य उपहार है, जिसे आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। भाजपा के पलामू जिलाध्यक्ष अमित कुमार तिवारी ने कहा कि शिविर में सामूहिक योगाभ्यास, प्राणायाम और ध्यान सत्र आयोजित किए गए। स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। योग शिविर में नरेंद्र पांडेय, विभाकर नारायण पांडेय, विजय आनंद पाठक, प्रभात कुमार, अजय सिंह, जितेंद्र तिवारी, रूपा सिंह, प्रिय रंजन कुमार, शुभम प्रसाद, राजहंस अग्रवाल, रेणु देवी, विजय कुशवाहा, श्रवण गुप्ता, सुनील तिवारी आदि ने योगाभ्यास किया।


