माध्यमिक शिक्षा विभाग कल रोपित करेगा 18,700 पौधे, कंट्रोल रूम से होगी मॉनिटरिंग
प्रदेश सरकार के निर्देश पर 12 जुलाई को वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन होगा। इस महाअभियान में जिले में 43,58,300 पौधों को रोपने का लक्ष्य है। माध्यमिक शिक्षा विभाग को 18,700 पौधे लगाने की जिम्मेदारी दी गई है। पौधों की प्रामाणिकता के लिए जियो टैगिंग और तस्वीरें साझा करने का निर्णय लिया गया है।

प्रदेश सरकार के निर्देश पर 12 जुलाई रविवार को जिले में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस महाअभियान के तहत जिले में कुल 43,58,300 पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें माध्यमिक शिक्षा विभाग को 18,700 पौधरोपित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीआईओएस डॉ. अजीत कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बताया कि रोपे गए सभी पौधों की प्रामाणिकता जांचने के लिए निर्धारित मोबाइल ऐप के माध्यम से उनकी जियो टैगिंग की जाएगी। इसके साथ ही पौधारोपण की तस्वीरें विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर भी साझा करनी होंगी।
इस महाभियान की निगरानी के लिए डीआईओएस कार्यालय में एक विशेष कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। रविवार सुबह छह बजे से ही कंट्रोल रूम सक्रिय हो जाएगा और माध्यमिक विद्यालयों में हो रहे पौधारोपण की प्रत्येक घंटे की प्रगति रिपोर्ट नोडल अधिकारियों के माध्यम से यहां संकलित की जाएगी। सुचारू व्यवस्था के लिए जिले के विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों और हाईस्कूलों के वरिष्ठ शिक्षकों व कर्मचारियों को कंट्रोल रूम में प्रतिनियुक्त कर कड़ाई से नियमों का अनुपालन करने को कहा गया है।


