पौधरोपण महायज्ञ : जिले में ‘एक पेड़ मां के नाम’ रोपे गए लाखों पौधे

हिन्दुस्तान, मऊ
Follow us on Google News
share

मऊ, संवाददाता। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृहद पौधरोपण महायज्ञ-2026 एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित कर पौधरोपण किया गया। नोडल मंत्री दारा सिंह चौहान ने पौधों का वितरण किया। जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन में पौधरोपण किया। नगर पालिका ने 31 स्थलों पर पौधरोपण किया।

पौधरोपण महायज्ञ : जिले में ‘एक पेड़ मां के नाम’ रोपे गए लाखों पौधे

मऊ, संवाददाता। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित वृहद पौधरोपण महायज्ञ-2026 एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत रविवार को जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित कर पौधरोपण किया गया। जिले के अभियान के मुख्य अतिथि जिले के नामित नोडल मंत्री एवं कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने सदर तहसील के विकासखंड कोपागंज अंतर्गत हिकमा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे पौधरोपण किया। साथ ही आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के बीच पौधे वितरित कर उसके संरक्षण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में डीएम, एसपी एवं सीडीओ ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। नोडल मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में प्रत्येक वर्ष व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान संचालित किया जा रहा है।

इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं तथा प्रदेश के वनावरण क्षेत्रफल में निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा उसकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। पौधरोपण कार्यक्रम के बाद एक कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने छात्र-छात्राओं को पौधे वितरित किए तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधरोपण एवं उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है। इस दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन, पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर तथा मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने भी एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही जनपदवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर उन्हें संरक्षित रखने की अपील की।

मंडलायुक्त ने विभिन्न प्रजाति के पौधों का किया रोपण

मऊ। पौधरोपण महायज्ञ अभियान के अंतर्गत जनपद के नामित नोडल अधिकारी एवं मंडलायुक्त विवेक कुमार ने रविवार को तहसील मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र में विभिन्न स्थलों पर पौधरोपण कर जनपदवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मंडलायुक्त ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के समीप तथा भुजई क्षेत्र में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, समय पर सिंचाई, खाद एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंडलायुक्त ने मऊ स्थित राजकीय आईटीआई परिसर पहुंचकर फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार, उप जिलाधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना अर्चना अग्निहोत्री, क्षेत्रीय वन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

डीएम ने पुलिस लाइन में पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मऊ। पौधरोपण महायज्ञ के अंतर्गत संचालित एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रविवार को जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण कर जनपदवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई। जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार है। स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक कम से कम एक पौधा अपनी मां के नाम अवश्य लगाए तथा उसकी नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखे। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधों के संरक्षण का संकल्प दोहराया। अभियान के दौरान पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

नगर पालिका ने 31 मुख्य स्थलों पर किया पौधरोपण

मऊ, संवाददाता। वृहद पौधरोपण अभियान के तहत रविवार को नगर पालिका ने चिह्नित 31 स्थानों पर अभियान चलाकर पौधरोपण किया।

शहर के तीन प्रमुख तिराहों पर पौधा वितरण एस्टॉल कैंप का आयोजन भी कराया गया। कैंप के माध्यम से भी पौधों का सार्वजनिक वितरण किया गया। इसके अलावा शहर के प्रमुख स्वयंसेवी संगठनों को भी अभियान से जोड़ा गया। सभी 31 स्थानों के लिये नोडल अधिकारियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। इन सभी पौधों का हरतिमा ऐप पर जियो टैग भी किया गया है।

पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने लोगों को पौधरोपण के महत्व को बताते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने के लिए प्रेरित किया। अधिशासी अधिकारी डा.मणि भूषण तिवारी ने बताया कि 11131 पौधे रोपित करने के अपने लक्ष्य को पाने के लिए वृहद रूप से नगर भर के 31 मुख्य स्थलों पर पौधरोपण का कार्य किया गया। अभियान को सफल बनाने में लेखाकार टीएन मिश्रा, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्यप्रकाश व राजीव कुमार शुक्ला, अवर अभियंतागण मनोज कुमार सोनकर, रमेश चन्द, पंकज कुमार वर्मा, राजस्व निरीक्षक बलराम पाण्डेय व अमृता राय, निर्माण लिपिक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय, लिपिक जल कमलेश कुमार पाण्डेय, लिपिक अनित कुमार सिंह, लिपिक मोहम्मद फुरकान, अजय कुमार गौतम व पालिका के समस्त अधिकारीगण ने प्रतिभाग किया।

राजकीय अलंकृत उद्यान में हुआ पौधरोपण कार्यक्रम

मऊ। पौधरोपण महायज्ञ के अंतर्गत एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत रविवार को राजकीय अलंकृत उद्यान, चंद्रभानपुर में वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला उद्यान अधिकारी राम सिंह एवं उद्यान निरीक्षक अरुण कुमार यादव ने प्रतिभागियों के साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं। रोटरी क्लब मऊ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रयागराज से रोटेरियन पूनम गुलाटी, वाराणसी से रोटेरियन प्रशांत नागर, रोटरी क्लब मऊ के अध्यक्ष विशाल शर्मा, सचिव रघुनंदन अग्रवाल एवं राजेश तुलस्यान सहित अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया, ताकि जनपद को हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाया जा सके।

मां आशापुर्णा देवी जी मंदिर प्रांगण में हुआ पौधरोपण

पहसा। जिला पंचायत पूर्व अध्यक्ष व किसान नेता राकेश सिंह ने मां आशापुर्णा देवी जी मंदिर खालिसपुर में एक पेड़- मां के नाम पर पौधारोपण किया। कहा कि माता के नाम पर केवल एक पेड़ लगाना अभियान ही नहीं है बल्कि प्रकृति-पर्यावरण और मातृ शक्ति के प्रति हमारी श्रद्धा, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इस ग्राम पंचायत में लगभग 700 पौधे लगाए गए। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पिंटू राजभर, ग्राम विकास अधिकारी राहुल सिंह, विनय तिवारी सहित गांव के सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

सामान्य प्रश्न

✦पौधरोपण महायज्ञ-2026 अभियान का उद्देश्य क्या है?−
पौधरोपण महायज्ञ-2026 अभियान का उद्देश्य वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव , CJP Protest Live और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsNational Newsपौधरोपण महायज्ञ : जिले में ‘एक पेड़ मां के नाम’ रोपे गए लाखों पौधे