एक पौधा बनेगा जीवन का सहारा पर्यावरण भी रहेगा सुरक्षित
अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी में पेड़ मां के नाम अभियान के तहत रविवार को पौधरोपण होगा। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक इस अभियान का शुभारंभ करेंगे। कुलपति डॉ. अमित देवगन ने बताया कि 1.5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। यह अभियान वायु प्रदूषण कम करने, जलवायु परिवर्तन से लड़ने और जैव विविधता की सुरक्षा के लिए है।

पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ भविष्य की दिशा में अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी (एबीवीएमयू) एवं उससे संबद्ध मेडिकल, डेंटल, नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थानों में रविवार को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत व्यापक पौधरोपण किया जाएगा। अभियान का शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे। कुलपति डॉ. अमित देवगन ने बताया कि डेढ़ लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कुलपति डॉ. अमित देवगन ने बताया कि एक परिपक्व पेड़ प्रतिवर्ष बड़ी मात्रा में कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर ऑक्सीजन छोड़ता है। जिससे वायु प्रदूषण कम करने और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव को घटाने में मदद मिलती है।
पेड़ वातावरण का तापमान नियंत्रित रखते हैं। मिट्टी के कटाव को रोकते हैं। भूजल संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके कारण पक्षियों और अन्य जीवों को प्राकृतिक आवास मिलता है, जिससे जैव विविधता सुरक्षित रहती है।परीक्षा नियंत्रक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने बताया कि हरियाली मानसिक तनाव कम करने में मदद करती है। ऐसे में यदि प्रत्येक व्यक्ति हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। यही इस अभियान का सबसे बड़ा उद्देश्य है।


