39 लाख पौधों से हरित होगा कन्नौज, ‘एक पेड़ मां के नाम’ बना जनआंदोलन
कन्नौज में रविवार को वृहद पौधरोपण महाअभियान-2026 के तहत 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का आयोजन किया गया। ऊर्जा राज्यमंत्री ने पौधों को लगाने और उनके संरक्षण की जरूरत बताई। करीब 25 हजार पौधे लगाए गए। अधिकारियों ने आधुनिक तकनीक के उपयोग पर जोर दिया और अभियान की सफलता पौधों के संरक्षण में बताई।
कन्नौज। जिले में रविवार को वृहद पौधरोपण महाअभियान-2026 के तहत एक पेड़ मां के नाम अभियान जनभागीदारी का उत्सव बन गया। उमर्दा वन ब्लॉक और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल में आयोजित कार्यक्रमों में ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत, शासन की नोडल अधिकारी एवं विशेष सचिव अपर्णा यू, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और किसानों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उमर्दा वन ब्लॉक में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और छात्राओं के स्वागत गीत से हुआ। ऊर्जा राजंत्री ने कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट और गिरते भूजल स्तर को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।
उन्होंने वन विभाग को लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और उनके जीवित रहने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम बताते हुए प्रत्येक व्यक्ति से अपनी मां के सम्मान अथवा स्मृति में एक पौधा लगाने का आह्वान किया। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल में नोडल अधिकारी अपर्णा यू ने फलदार पौधों का रोपण कर कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते तापमान, जल संकट और प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने जल एवं विद्युत संरक्षण, प्लास्टिक के कम उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश भी दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाईटेक नर्सरी, सीडलिंग यूनिट और पॉलीहाउस का अवलोकन कर आधुनिक तकनीक से अधिक किसानों को जोड़ने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि जिले में अमृत सरोवर, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 39 लाख पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि अभियान की वास्तविक सफलता पौधों के संरक्षण और उन्हें जीवित रखने में है, जिसके लिए जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है.
उमर्दा वन ब्लॉक में 25 हजार पौधों का रोपण, संरक्षण पर भी जोर
उमर्दा वन ब्लॉक में करीब 10 हेक्टेयर क्षेत्र में 25 हजार पौधों का रोपण किया गया। पाकड़, पीपल, ढाक, आंवला, नीम, जामुन, अर्जुन, देशी बबूल, कंजी और बेर सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, विद्यार्थियों, सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण किया। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प दिलाया गया, जबकि आमजन को ग्राफ्टेड पौधों का निःशुल्क वितरण कर अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया.
हाईटेक नर्सरी का निरीक्षण, आधुनिक तकनीक अपनाने पर दिया जोर
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल में नोडल अधिकारी अपर्णा यू ने हाईटेक नर्सरी, सीडलिंग यूनिट और पॉलीहाउस का निरीक्षण किया। गुणवत्तापूर्ण सब्जी पौध उत्पादन की सराहना करते हुए उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों से जोड़ने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों, शिक्षकों और प्रगतिशील किसानों को फलदार पौधे निःशुल्क वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक और व्यापक पौधरोपण अभियान से पर्यावरण संरक्षण के साथ कृषि क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी.
विभाग का नाम आवंटित लक्ष्य कुल पौधरोपण
1- वन विभाग 20,00,000 20,00,000
2.- ग्राम्य विकास विभाग9,72,8009,72,800
3- कृषि विभाग2,15,0002,15,000
4- पर्यावरण विभाग1,53,0001,53,000
5- .उद्यान विभाग1,33,0001,33,000
6.पंचायतीराज विभाग1,10,0001,10,000
7.राजस्व विभाग90,00090,000
8.नगर विकास विभाग29,60029,600
9.उच्च शिक्षा विभाग22,700 22,700
10.रेशम विभाग22,00022,000
शिक्षा और अन्य प्रमुख विभागों का भी रहा सराहनीय योगदान
लोक निर्माण विभाग : 17,400 पौधे
उद्योग विभाग: 16,300 पौधे
स्वास्थ्य विभाग: 12,000 पौधे
जल शक्ति विभाग (सिंचाई): 11,900 पौधे
गृह विभाग (पुलिस/प्रशासन): 11,800 पौधे
बेसिक, माध्यमिक और प्राविधिक शिक्षा: क्रमशः 11,000, 10,100 और 6,000 पौधे लगाए।
पशुपालन और सहकारिता: क्रमशः 7,700 और 5,500 पौधे।
ऊर्जा और श्रम विभाग: क्रमशः 5,500 और 4,800 पौधे।
परिवहन और नमामि गंगे विभाग: क्रमशः 3,500 और 8,900 पौधे लगाकर अपना शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया।
सामान्य प्रश्न
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


