मंगनपुर में 4500 किलो संदिग्ध रसगुल्ला मिला, दो ठिकानों पर छापा
संभल के गांव मंगनपुर में मिलावटी रसगुल्ला बनाने की सूचना पर नगर मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सोनी ने निरीक्षण किया। जांच में 4500 किलोग्राम रसगुल्ला और कई नमूने लिए गए। दो स्थानों से अवैध रूप से बनाए जाने के आरोप में खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई शुरू की और सामग्री को जब्त किया।

संभल के गांव मंगनपुर में बड़े स्तर पर मिलावटी रसगुल्ला बनाए जाने की सूचना पर नगर मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सोनी ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो स्थानों पर रसगुल्ला बनाने का काम सामने आया। खाद्य विभाग की टीम ने मौके से तैयार रसगुल्ले और निर्माण में इस्तेमाल सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी। नगर मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सोनी के निरीक्षण के दौरान ग्राम मंगनपुर निवासी शान द्वारा संचालित सेंड डेयरी फूड्स में रसगुल्ला के 283 भरे हुए पीपे और 397 खाली पीपे मिले। शान द्वारा घर में ही रसगुल्ला तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई।
मौके पर करीब 4500 किलोग्राम रसगुल्ला पाया गया। इसके बाद तीन क्षेत्रीय खाद्य निरीक्षकों को मौके पर बुलाया गया। टीम ने रसगुल्ले के साथ ही इसे बनाने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री के नमूने लिए और शेष सामग्री को कमरे में बंद करा दिया। जांच के दौरान इसी गांव में मुसाफिर के यहां बनाए जा रहे रसगुल्ले को नष्ट कराया गया। वहीं मेसर्स एमबीके स्वीट में मुबारक अली द्वारा रसगुल्ला बनाए जाने की जानकारी मिली। यहां भी खाद्य निरीक्षकों ने तैयार सामग्री और निर्माण में इस्तेमाल सामान के नमूने लिए तथा सामग्री को कमरे में बंद करा दिया। दोनों स्थानों पर लगे सबमर्सिबल का व्यावसायिक इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई। संबंधित लोगों से इसके संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन मौके पर सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। अभिहित अधिकारी खाद्य विभाग ने बताया कि सभी नमूने स्पेशल मैसेंजर के माध्यम से जांच के लिए मेरठ भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


