अंतिम सोमवारी पर बाबा फौजदारीनाथ में उमड़ा भक्तों का सैलाब, 1.55 लाख कांवरियों ने किया जालार्पण
राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के अंतिम सोमवारी पर बाबा बासुकीनाथ धाम में एक लाख 55 हजार 206 कांवरियों ने जलार्पण किया। 3648 डाक बम श्रद्धालुओं ने भी जलार्पण किया। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव -2026 के 26वें दिन अंतिम सोमवारी को जलार्पण के लिए सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थान फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ धाम में कांवरियों का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार की शाम 5 बजे तक एक लाख 55 हजार 206 कांवरियों ने बाबा को जलार्पण किया है। अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन की ओर से भी किाफी चुस्त व्यवस्था की गई थी। भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से जलार्पण के लिए अरघा लगा दिया गया था। जहां से सुगमता पूर्वक कतारबद्ध होकर कांवरिया जलार्पण कर रहे थे। कांवरियों के द्वारा अरघा से बाबा फौजदारीनाथ पर किए गए जलार्पण का लाइव दर्शन ELईडी के माध्यम से दिखाया जा रहा था। जलार्पण के दौरान कांवरियों की उत्साह कम नहीं दिखी। सोमवार को शीघ्र दर्शनम से 2050 श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया। कांवरियों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से अरघा से बाबा को जलार्पण की व्यवस्था की गई थी। मौके पर कांवरियों की सुविधा व सुगमता से जलार्पण की पूरी व्यवस्था प्रशासन की ओर से की गई थी।
सोमवार को 3648 डाक बम श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण
अंतिम सोमवारी पर डाक बम कांवरियों की भी अच्छी संख्या रही। सोमवार को 3648 डाक बम श्रद्धालुओं ने जलार्पण किया है। प्रशासन की ओर से डाकबम के जलार्पण को लेकर मंदिर में सीधे प्रवेश की व्यवस्था कराई गई थी। डाक बम को मिले हंसडीहा में पास को दिखाते ही मंदिर परिसर में तैनात जवान व पदाधिकारी उन्हें सीधे मंदिर तक प्रवेश करा रहे थे। इस बीच सुरक्षा का भी काफी पुख्ता इंतजाम प्रशासन की ओर से की गई थी।
केसरिया रंग से पट गया पूरा बासुकीनाथ का क्षेत्र
लंबी दूरी कर बासुकीनाथ पहुंचते ही कांवरियों में अलग उत्साह नजर आ रहा था। बासुकीनाथ मंदिर के करीब पहुंचते ही कांवरियों की ओर से हर-हर महादेव व बोलबम के जयघोष करने लगते थे। मानों बासुकीनाथ धाम पहुंचते ही उसकी पूरी थकान दूर हो रही थी। देर रात तक बोमबल व हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष ने भक्तिमय माहौल बना दिया है। सोमवार को बासुकीनाथ मंदिर प्रांगण के अलावे पूरा क्षेत्र बोमबल व हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा। बासुकीनाथ का दृष्य लोगों को दिनभर लुभाता रहा। झारखंड ही नहीं बिहार, उड़ीसा, बंगाल, उतर प्रदेश, उतराखंड, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से बाबा फौजदारीनाथ में जल चढ़ाने के लिए भक्त पहुंचे थे।
भागलपुर के गंगाघाट से गंगाजल लेकर हंसडीहा के रास्ते बाबा बासुकीनाथ पहुंचे डाक बम
सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर हंसडीहा स्थित प्रशासनिक टोकन शिविर में डाकबमों की भारी भीड़ उमड़ी। सोमवार सुबह तक शिविर के माध्यम से कुल 3648 डाकबमों को बाबा बासुकीनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए प्रवेश टोकन प्रदान किया गया। भागलपुर के गंगाघाट से गंगाजल लेकर बाबा बासुकीनाथ धाम जाने वाले डाकबमों को टोकन व्यवस्था के तहत मंदिर में सुगमतापूर्वक जलार्पण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। अंतिम सोमवारी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु हंसडीहा पहुंचे, जहां प्रशासन द्वारा संचालित शिविर में उन्हें टोकन वितरित किए गए। टोकन प्राप्त करने के बाद डाकबमों को प्रशासन की निगरानी एवं व्यवस्था के तहत बासुकीनाथ धाम के लिए रवाना किया गया, ताकि जलाभिषेक के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए टोकन वितरण एवं आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई है।

