कुंदरकी में हज़रत इमाम हुसैन की याद में लगा रक्तदान शिविर
अंजुमन तहफ्फूजे सादात मिशन ने रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया, जहां हज़रत इमाम हुसैन की याद में 54 यूनिट रक्तदान हुआ। शिविर में शिया, अहले सुन्नत और हिंदू समाज के युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान जागरूकता रैली भी आयोजित की गई, जिसमें रक्तदान के महत्व पर बल दिया गया।

अंजुमन तहफ्फूजे सादात मिशन पैग़ाम-ए-हुसैनी की ओर से रविवार को नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हज़रत इमाम हुसैन की याद में 54 यूनिट रक्तदान किया गया। खास बात यह रही कि शिया समुदाय के साथ-साथ अहले सुन्नत और हिंदू समाज के युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए इंसानियत, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब का संदेश दिया। रक्तदान शिविर से पहले मोहल्ला सादात स्थित इमामबाड़ा हज़रत अबूतालिब से सीएचसी तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान लोगों को रक्तदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया और अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान करने की अपील की गई।
अंजुमन के सदर जमाल नासिर रिज़वी ने कहा कि हज़रत इमाम हुसैन ने कर्बला में इंसानियत और सत्य की रक्षा के लिए महान कुर्बानी दी थी। उनका पैगाम आज भी लोगों को जुल्म के खिलाफ आवाज़ उठाने और मानव सेवा के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि शिविर में 54 यूनिट रक्त एकत्र कर ज़रूरतमंदों की मदद का संकल्प लिया गया। शिविर के आयोजन में सज्जाद हैदर काज़मी, दानिश रिज़वी, काशिफ़ काज़मी, अली नवाज़ और हैदर अब्बास रिज़वी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग किया। आयोजन के अंत में सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।


