आजाद पार्क में गूंजा उधम सिंह शौर्य
शुक्रवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद और भगत सिंह स्मारक समिति की ओर से आजाद पार्क में शहीद उधम सिंह का शहादत दिवस मनाया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति के स्लोगन के साथ भाग लिया। गारद द्वारा सलामी दी गई और मुख्य अतिथि ने शहीद के योगदान पर प्रकाश डाला। छात्रों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।
अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद व शहीद-ए-आजम भगत सिंह स्मारक समिति की ओर से शुक्रवार को आजाद पार्क में शहीद उधम सिंह का शहादत दिवस श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। स्कूली बच्चे तख्तियों में देशभक्ति लिखे स्लोगन के साथ पहुंचे तो शहीद के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि के दौरान उधम सिंह अमर रहें, अमर रहें की गूंज होने लगी। उप्र सशस्त्र पुलिस के जवानों ने 21 गन शाट फायर कर सम्मान गारद के जरिए उन्हें सलामी दी। मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने शहीद के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला। विशिष्ट अतिथि उद्यान अधीक्षक जगदीश प्रसाद ने शहादत दिवस के महत्व को रेखांकित किया।
बेसिक व माध्यमिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने गायन, वादन, नृत्य नाटिका की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में राजू जायसवाल, राज बहादुर गुप्त, डॉ. राजेश मोहन गुप्त, सरदार रनवीर सिंह, विशाल गुप्त, ज्ञान चंद्रवंशी, प्रभाकांत मिश्र, महेश त्रिपाठी, महेंद्र सक्सेना, अतुल राय, अमन सिंह, धनंजय सिंह आदि शामिल रहे।


