जूनियर हाईस्कूल भगरतोला में लगेगी शहीद राम सिंह की प्रतिमा
कारगिल शहीद राम सिंह बोरा की पत्नी, जानकी बोरा का सपना अब पूरा होने जा रहा है। उनकी प्रतिमा राजकीय जूनियर हाईस्कूल में स्थापित की जाएगी। दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने इस कार्य के लिए पहल की है। इससे क्षेत्र के लोगों को शहीद के बलिदान की जानकारी मिलेगी और जानकी का सपना भी साकार होगा।
देवेंद्र पांडे, गरुड़। कारगिल शहीद राम सिंह बोरा की वीरांगना जानकी बोरा का वर्षों पुराना सपना अब जल्द पूरा होने जा रहा है। शहीद राम सिंह बोरा की प्रतिमा उनके नाम से संचालित राजकीय जूनियर हाईस्कूल में स्थापित की जाएगी। दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने वीरांगना की पीड़ा को समझते हुए प्रतिमा स्थापित कराने के लिए व्यक्तिगत और राजनीतिक स्तर पर प्रयास शुरू कर दिए हैं। राम सिंह बोरा 1999 के कारगिल युद्ध में दुश्मनों से लोहा लेते हुए देश के लिए शहीद हो गए थे। इसके बाद से अब तक उनके पैतृक गांव में उनकी प्रतिमा स्थापित नहीं हो पाई थी।
वीरांगना जानकी बोरा इसके लिए लगातार प्रयास करती रहीं। उन्होंने सड़क किनारे प्रतिमा लगाने के लिए जमीन तलाशने से लेकर अपनी जमीन के बदले जमीन लेने तक के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। वीरांगना की इस पीड़ा को आपके हिन्दुस्तान अखबार ने रविवार के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए शहीद राम सिंह बोरा की प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि शहीद के नाम से संचालित जूनियर हाईस्कूल में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी। शहीद की स्मृति में बने विद्यालय में प्रतिमा स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों और विद्यार्थियों को उनके बलिदान की जानकारी मिलेगी। साथ ही वीरांगना जानकी बोरा का वर्षों पुराना सपना भी पूरा होगा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


