संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
सोमवार रात इटावा के बालिका दीक्षा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनके फूफा ने चचिया ससुर और सास पर मानसिक उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाया। दीक्षा की शादी एक साल पहले हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सोमवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और मायका पक्ष के लोग पहुंच गए। मृतका के फूफा ने चचिया ससुर और सास पर मानसिक उत्पीड़न और गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिला इटावा के थाना बकेवर के गांव फतेहपुरा निवासी 20 वर्षीय दीक्षा पुत्री समर्थ सिंह की एक साल पूर्व जसराना के मोहल्ला टीकमपुर निवासी आयुष उर्फ गोलू के साथ शादी हुई थी। उन पर कोई बच्चा नहीं है। सोमवार रात खाना खाने के बाद सभी लोग अपने-अपने कमरों में सो गए। देर रात दीक्षा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतका के ससुर ने पुलिस और मायका पक्ष के लोगों को जानकारी दी। पुलिस और मृतका के फूफा योगेंद्र परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया। मृतका के फूफा का आरोप है कि चचिया ससुर धीरेंद्र और उसकी पत्नी पूजा का उनके घर में अधिक दखल था। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।


