रूबियो को अपनी चिंताओं से अवगत कराएगा भारत
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो 20 अक्टूबर को मुंबई पहुंचेंगे और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे। बातचीत में रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 100 फीसदी शुल्क, अमेरिकी लेबर सर्टिफिकेट निलंबन और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर चर्चा होगी। भारत शुल्क संबंधी प्रावधानों से छूट मांग सकता है। रूबियो जामनगर रिफाइनरी भी जाएंगे, लेकिन दिल्ली नहीं आएंगे।

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो 20 अक्टूबर को भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचेंगे। इस दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ भी उनकी बैठक होगी। भारत अमेरिकी लेबर सार्टिफिकेट के निलंबन और रूस से तेल खरीद पर सौ फीसदी शुल्क लगाने को लेकर अपनी चिंताओं से उन्हें अवगत करा सकता है। उच्च पदस्थ सूत्रों ने यह जानकारी दी।रूबियो 17 से 22 अक्टूबर के बीच ऊजबेकिस्तान और भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। पहले वे उजबेकिस्तान जाएंगे। इसके बाद 20 को मुंबई पहुंचेंगे। उनका जामनगर रिफाइनरी का दौरा करने का कार्यक्रम भी है। हालांकि, वे दिल्ली नहीं आएंगे।
विदेश मंत्री के साथ उनकी वार्ता मुंबई में होगी। सूत्रों के कहा कि भारत की तरफ से रूसी तेल खरीद को लेकर हाल में पारित किए गए कानून के प्रावधानों से छूट देने का अनुरोध किया जाएगा। इसमें रूस से ज्यादा तेल खरीदने वाले देशों पर 100 फीसदी शुल्क लगाने का प्रावधान है। इसके अलावा लेबर सार्टिफिकेट मुद्दा और व्यापार समझौते पर बातचीत बढ़ाने को लेकर भी बात होगी। बता दें कि उपरोक्त कानून के पारित होने और कुछ अन्य कारणों के चलते भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर संकट के बादल छा रहे हैं। हालांकि, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में कहा कि समझौते पर बातचीत की प्रक्रिया जारी है। बता दें कि इसी साल मई में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए रूबियो भारत आए थे। इस साल यह उनकी दूसरी यात्रा होगी।

