हॉट कुक्ड मील पोर्टल पर होगी आंगनबाड़ी केंद्रों की नई मैपिंग
शाहजहाँपुर में आंगनबाड़ी केंद्रों की मैपिंग हॉट कुक्ड मील पोर्टल के माध्यम से दोबारा की जाएगी। अब 1 किमी ग्रामीण और 500 मीटर शहरी क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों को प्राथमिक विद्यालयों से जोड़ा जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

शाहजहांपुर। परिषदीय विद्यालयों से जुड़े आंगनबाड़ी केंद्रों की मैपिंग अब हॉट कुक्ड मील पोर्टल के माध्यम से दोबारा की जाएगी। शासन ने इसके लिए नई व्यवस्था लागू की है। ग्रामीण क्षेत्रों में एक किलोमीटर तथा शहरी क्षेत्रों में 500 मीटर की परिधि में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को निकटतम प्राथमिक विद्यालय से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य बच्चों को स्कूल रेडीनेस, प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं का एकीकृत लाभ उपलब्ध कराना है। अब तक विद्यालयों से करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों की ही मैपिंग की जाती थी। नई व्यवस्था के तहत दायरा बढ़ा दिया गया है, जिससे अधिक से अधिक केंद्रों को परिषदीय विद्यालयों से जोड़ा जा सके।
इस संबंध में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग और स्कूल शिक्षा विभाग ने संयुक्त निर्देश जारी किए हैं। नई व्यवस्था के तहत हॉट कुक्ड मील पोर्टल पर प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र को उसके सबसे निकट स्थित प्राथमिक विद्यालय से लिंक किया जाएगा। पोर्टल पर अब केवल आंगनबाड़ी केंद्र और बाल वाटिका की लोकेशन ही नहीं, बल्कि संबंधित विद्यालय का विवरण और उसका यू-डायस कोड भी दर्ज किया जाएगा। इससे रिकॉर्ड अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगा।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


